अनियंत्रित होकर डिवायडर पर चढ़ कर पलटी बस

गुस्साई भीड़ ने हाईवे पर लगाया जाम, पहुंची पुलिस

आगरा। थाना सदर स्थित ग्वालियर हाईवे पर रोहता के पास शिव मंदिर के सामने चालक की झपकी से एक की जान चली गई जबकि दो दर्जन लोग बुरी तरह घायल हो गए। आस पास के लोगों ने किसी तरह फसे हुए लोगों को बाहर निकाला। गस्साई भीड़ ने हादसे के बाद जाम लगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची किसी तरह समझा कर जाम खुलवाया। इस मामले में किसी ने थाने में कोई शिकायत नहीं दी है।

एमपी से दिल्ली जा रही थी बस

बुधवार की सुबह एक बस मध्य प्रदेश से दिल्ली जा रही थी। बस में महिला पुरुष मिला कर करीब 150 लोग सवार थे। सभी मजदूर थे वह मजदूरी करने जा रहे थे। जैसे ही बस ग्वालियर रोड रोहता के पास आई वैसे ही चालक की झपकी लग गई। झपकी लगते ही बस अनियंत्रित हो गई और डिवायडर पर चढ़ कर पलट गई। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई।

लोगों ने किसी तरह निकाला बाहर

चीख सुन आस पास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने बस के शीशे तोड़ कर किसी तरह फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। धीरे-धीरे हादसे की सूचना सारे इलाके में फैल गई। मौके पर एरिया के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

लोगों ने सड़क पर लगा दिया जाम

हादसे के बाद मदद न मिलने पर लोगों ने जाम लगा दिया। उस दौरान ग्वालियर मार्ग से आने वाले वाहनों की लम्बी लाइन लग गई। मौके पर थाना सदर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझा कर जाम खुलवाया। घायलों को उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया। घायलों के लिए प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिली। साथ ही मौके पर कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा।

इतने लोग हुए हादसे में घायल

एक की मौत के अलावा चंद्रवती पत्‍‌नी मुकंदी निवासी गांव महोली महेवा, पीतम पत्‍‌नी सुशीला, सुरेंद्र, गीता, कातिया, काशी, गणेश, वैजयंती पुत्री प्रकाश, सुकु पत्‍‌नी कृष्णा, पतंगा, छोटू, जग्गी, दलीप, अरविंद घायल हुए हैं। इसके अलावा एक दर्जन लोग और घायल हैं। लोगों ने बताया कि वह दिल्ली काम करने जा रहे थे। अरविंद पुत्र विजय सिंह निवासी गुना ने बताया वह अपनी पत्‍‌नी खुशबू व बच्चे अमन व नंदिनी के साथ काम की तलाश में जा रहा था।

शराब के नशे में चला रहा था बस

लोगों ने बताया कि चालक और परिचालक ने रात को एक बजे करीब एक ढाबे पर खाना खाया था वहीं पर शराब भी पी थी। इसके बाद वह बस को तेज चलाने लगा। इसके चलते ही बस अनियंत्रित होकर डिवायडर पर चड़ी और पलट गई। लोग समय पर फंसे हुए मजदूरों को बाहर नहीं निकालते तो बड़ा हादसा हो सकता था।