SARAIKELA: थाना क्षेत्र के चाईबासा मार्ग पर बड़ा टांगरानी गांव के पास बेकाबू कार के चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायकेला के कुड़ी गांव निवासी सुनील गोप (24) व राजकुमार गोप (16) एक ही साइकिल पर सवार होकर सरायकेला बाजार से अपने गांव जा रहे थे। इसी क्रम में चाईबासा की ओर तेज रफ्तार से जा रही कार ने पीछे से टक्कर मार दिया। इससे मौके पर ही सुनील गोप की मौत हो गई वहीं राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर सीकेसी के एंबुलेंस से घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार घटना को अंजाम देने के बाद वापस सरायकेला की ओर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचकर रोड पर पत्थर रखकर सरायकेला-चाईबासा मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। सरायकेला थाना प्रभारी रणविजय सिंह दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किए, लेकिन ग्रामीणों ने बगैर मुआवजा राशि लिए जाम नहीं हटाने की बात कही।

मृतक व घायल हैं चचेरे भाई

दुर्घटना के मृतक सुनील गोप व गंभीर रूप से घायल राजकुमार गोप चचेरे भाई हैं। कुड़ी गांव में दोनों का घर आमने-सामने है। अपने बेटे की मौत की खबर पाकर मृतक सुनील गोप के परिजन पहुंचे। सुनील की मां शव से लिपटकर कर रो रही थी। पिता गोम्हा गोप ने बताया कि सुनील घर बड़ा बेटा था। वहीं परिवार का कमाने वाला एक मात्र सदस्य था। अब उसके मौत के बाद परिवार का क्या होगा? सुनील का एक छोटा भाई भी है, जिसे पढ़ा-लिखा कर सुनील बड़ा अफसर बनाना चाहता था।

ड्राइवर पर होगी कार्रवाई

दुर्घटना के बाद सुबह करीब दस बजे से दोपहर के एक बजे तक सरायकेला-चाईबासा मुख्य रोड पर जाम लगा रहा। मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग पर ग्रामीणों ने जाम लगाया था। घटना सूचना मिलने के बाद नवनिर्वाचित सरायकेला नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। मनोज कुमार चौधरी ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मनोज कुमार व थाना प्रभारी के आग्रह करने पर ग्रामीणों ने जाम हटाया। थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले कार का पता लग जा चुका है। सरायकेला बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज में कार की तस्वीर कैद हुई है, कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।