JAMSHEDPUR : सुपरहिट बॉलीवुड मूवी 'प्यार का पंचनामा' फेम सोनाली सेगल जमशेदपुर व रांची की हरियाली की दीवानी हो गई हैं। शुक्रवार को एक मोबाइल कंपनी के शोरूम के उद्घाटन के मौके पर शहर पहुंची एक्ट्रेस ने कहा कि जमशेदपुर व रांची काफी हरा-भरा है। मैं कोलकाता में पली-बढ़ी हूं इसलिए बचपन में जमशेदपुर कई बार आना हुआ है, मगर रांची पहले कभी नहीं गई थी। सुबह जब फ्लाइट से रांची पहुंची तो देखा कि यह शहर काफी हरा-भरा है। ये शहर ऐसा होगा, नहीं सोचा था। रांची से जमशेदपुर आने के क्रम में सिर्फ हरियाली ही हरियाली देखने को मिली। ये पूरा रास्ता काफी खूबसूरत है।

उसूलों पर सख्त रहना जरूरी

प्यार का पंचनामा में नखरीली हॉट गर्लफ्रेंड का कैरेक्टर प्ले करने वाली सोनाली सेगल ने कहा कि आज के दौर में फिल्म इंडस्ट्री में ये मैटर नहीं करता कि आप स्मॉल सिटी से हैं या मेट्रो से। इस इंडस्ट्री में अगर आपको आगे बढ़ना है तो कभी ये मत सोचो कि मैं उसके जैसा बनना चाहती हूं। अपनी खुद की पहचान बनाना जरूरी है। एक चीज और कि हमेशा अपने उसूलों के प्रति सख्त रहो।

जमशेदपुर में है मनी पावर

जमशेदपुर के बारे में सोनाली ने कहा कि इस शहर के पास पैसा खर्च (मनी पावर) करने की काफी शक्ति है। यहां इतनी बड़ी स्टील इंडस्ट्री है। निश्चित तौर पर यहां के लोगों के पास काफी पैसा है और वे खर्च भी करना चाहते हैं। ब्रांडेड स्टोर्स के लिए यहां काफी संभावनाएं हैं।

बॉडी फिटनेस जरूरी, खूब खाती भी हूं

बॉडी फिटनेस पर कहा कि अच्छा दिखने के लिए फिटनेस जरूरी है। क्योंकि मुझे खाना बहुत पंसद है इसलिए खूब खाती हूं और फिर खूब वर्कआउट भी करती हूं। आज ही जमशेदपुर में पहुंचकर पहले बंगाली फिश करी और चावल खाया। फिर इस स्टोर की ओपनिंग करने पहुंची हूं। सोनाली प्यार का पंचनामा-ख् और वेडिंग प्लान में भी काम कर चुकी हैं।

नवंबर में आएगी नई मूवी

फेंटम प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले नवंबर में एक नयी मूवी रिलीज हो रही है। इसमें सोनाली एक पायलेट की भूमिका में हैं। सोनाली ने कहा कि कुछ घंटों की इस पूरी कहानी में उन्होंने एक ही ड्रेस पहनकर शूट किया है।