-समाजवादी पार्टी से निकाले जाने के बाद अमर सिंह ने की मोदी व प्रियंका गांधी की तारीफ

-मोदी को बताया कृष्ण, प्रियंका पर तंज कसने वालों को दी नसीहत

VARANASI

समाजवादी पार्टी से बाहर किए जाने के बाद अब अमर सिंह दोहरी चाल चलने लगे हैं। वह अब भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों के नजदीक जाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। शायद यही वजह है कि कल तक मोदी और प्रियंका गांधी पर अपने शब्दों के बाण से हमला करने वाले अमर सिंह ने शुक्रवार को बनारस में मोदी को जहां कृष्ण बताया वहीं प्रियंका पर तंज कसने वालों को नसीहत भी दी।

आजम और अखिलेश पर बरसे

अमर सिंह शुक्रवार को एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने बनारस आये थे। उन्होंने विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेका और मीडिया से बातचीत में अखिलेश और आजम पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सपा ने मुझे बाहरी कहा तो सभी भारतीय मेरे अपने हैं। आजम कश्मीरी पंडितों को बाहरी बताते हैं। उनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए। उन लोगों का देश में रहना धिक्कार है जो कश्मीर को पाकिस्तान और आतंकवाद से जोड़ते हैं। मोदी, स्मृति ईरानी और प्रियंका गांधी को बुरा कहने वाले अपने अंदर झांक कर देख लें। अमर ने मोदी का समर्थन करते हुए कहा कि मथुरा में पैदा हुए कृष्ण को गुजराती बंधु द्वारकाधीश के रूप में पूजते हैं। जैसे कृष्ण पैदा कहीं और हुए, उनका पालन कहीं और हुआ और उन्होंने समस्त मानव जगत का भला किया। ऐसे ही प्रधानमंत्री मोदी हैं। गुजरात की सीट छोड़कर मोदी ने काशी को चुना। वे अब पूरे देश के विकास में जुटे हैं मगर विपक्ष रोड़ा बना हुआ है। अमर सिंह ने आरोप लगाया कि रामगोपाल यादव ने मुझे धमकी दी थी कि यदि मैं यूपी में आया तो सुरक्षित नहीं रहूंगा। आज मैं काशी में हूं, बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया। जिसे मेरा जो करना है कर ले। अमर ने कहा कि आजम के खास आदमी के घर से अजमत पकड़ा गया जो आज तिहाड़ में बंद है। राजेंद्र चौधरी जैसे लोग जो पीएम और अमित शाह को आतंकवादी बता रहे हैं। वे खुद आतंकवाद को पनाह दे रहे हैं।