PATNA : बिहार की राजधानी पटना अवैध हथियारों का बड़ा गढ़ बनती जा रही है। हाल यह है कि यहां बीते एक वर्ष के मुकाबले एक माह में दो दर्जन से भी अधिक अवैध एवं अत्याधुनिक हथियार पकड़े गए हैं। इनमें से अधिकतर अवैध हथियार बिहार के बाहरी जिलों के अलावा जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश से लाए गए। जबकि कुछ हथियार बिहार के मुंगेर के बताएं जा रहे हैं। अगर बीते माह कि बात करे तो पटना पुलिस ने हर दिन पुलिस तीन से पांच अवैध हथियारों को जब्त किया है।

हथियारों की बढ़ी डिमांड

बीते दो सालों से पटना में हथियारों के लाइसेंस बंद चल रहे है। जिसके चलते लोग बाहरी जिलों से असलहों का लाइसेंस कराकर यहां वेरीफिकेशन करा लेते है। सूत्र बताते हैं कि पिछले कुछ समय से पटना और इससे जुड़े क्षेत्रों में अवैध हथियारों की डिमांड में बढ़ोतरी हुई है और इन्हें खरीदने वाले अधिकतर तो बदमाश ही हैं। बाकी कुछ फॉर्महाउस मालिक, बिल्डर और बिजनेस करने वाले भी इन्हें खरीद रहे हैं। इन हथियारों को खरीदकर मॉडिफाई कराने का चलन भी इधर काफी तेजी से बढ़ा है। जिसके चलते लोगों में दहशत और खौफ भी बना रहता है।

10 अत्याधुनिक हथियार बरामद

पटना पुलिस ने 29 मार्च की रात की चेकिंग के दौरान पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली थी। 10 हथियार के साथ लैस 13 लोगों को पटना पुलिस ने पकड़ा था। ये सभी अलग-अलग गाडि़यों में सवार थे। थाने लाए जाने के बाद एक-एक कर सारे हथियारों को चेक किया गया। 315 के दो रायफल के साथ छेड़छाड़ किया गया था। उन्हें मॉडिफाइ कर एके-47 बना दिया गया था। जबकि बैग में छिपाकर रखे गए एक हथियार का लाइसेंस नहीं मिला। इनके पास से 315 का 3 रायफल, सिंगल बैरल का 2 और डबल बैरल के 3 रायफल भी मिले थे।

सात लोगों से पांच हथियार मिले

बीती 15 मार्च को चेकिंग के दौरान गांधी सेतु के पास पुलिस सात लोगों को अवैध असलहों के साथ पकड़ा था। ये लोग हाजीपुर से पटना आ रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इन्हें पकड़ा था। पहले ये लोग पुलिस को देखकर भागने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस ने पहले ही इन्हें दबोच लिया था। पुलिस ने इनके पास से पांच अत्याधुनिक हथियारों के साथ 29 कारतूस बरामद किए थे। इनकी भी जांच चल रही है।