- सितंबर के फ‌र्स्ट वीक से सभी डिपार्टमेंट की होगी रैंकिंग

-एलयू कराएगा विभागों की ग्रेडिंग

LUCKNOW : एलयू प्रशासन ने जहां एक ओर अपने रिसर्च और प्रमोशन को बढ़ावा देने के लिए स्टूडेंट्स और टीचर्स के लिए एक स्कीम शुरू की है। वहीं दूसरी ओर अपने डिपार्टमेंट की कार्यशैली और गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए सितंबर फ‌र्स्ट वीक से उनकी ग्रेडिंग शुरू करने जा रहा है।

दी जाएगी प्राइज मनी

एलयू की ओर से पूर्व में ही इस प्रक्रिया को शुरू करने की बात कही गई थी। जिसके लिए सभी डिपार्टमेंट को इस ग्रेडिंग में टॉप पर रहने पर प्राइज मनी देने की घोषणा की गई थी। एलयू ने इस ग्रेडिंग प्रक्रिया को शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। सभी डिपार्टमेंट की ग्रेडिंग कराने की जिम्मेदारी इंटर्नल क्वालिटी एसेयोरेंस सेल आईक्यूएसी डिपार्टमेंट को सौंपी गई है।

नैक के बेस पर ग्रेडिंग

आईक्यूएसी की ओर से सभी डिपार्टमेंट के लिए यूजीसी की ओर से होने वाले नैक असेसमेंट की तर्ज पर उनकी ग्रेडिंग करेगा। इसके लिए सभी डिपार्टमेंट को करीब एक हजार प्वांइट पर ग्रेडिंग दी जाएगी। जिस डिपार्टमेंट को इन सभी ग्रेडिंग प्वाइंट पर सबसे ज्यादा मा‌र्क्स मिलेंगे। उन्हें यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

सात बिंदुओं पर असेसमेंट

यूजीसी नैक के माध्यम से सभी यूनिवर्सिटी और शिक्षण संस्थाओं का सात बिंदुओं पर असेसमेंट करता है। उसी आधार पर नंबर दिए जाते हैं। पूर्व वीसी प्रो। एसबी निमसे के कार्यकाल में एलयू ने नैक असेसमेंट कराया था। जिसमें उसे बी ग्रेड मिला था। इसमें लाइब्रेरी के डिजिटल न होने, डिपार्टमेंट के वाई-फाई न होने और कई बिन्दुओं पर कमी के चलते काफी नंबर कट गए थे।

ग्रेडिंग के बाद नैक के लिए आवेदन

एलयू वीसी प्रो। एसपी सिंह ने बताया कि अभी हमारी प्राथमिकता सभी डिपार्टमेंट में मौजूदा स्थिति को सुधारना है। इसके लिए उनके बीच में एक हेल्दी कंप्टीशन की शुरुआत करने जा रहे हैं। जिसमें सभी डिपार्टमेंट की ग्रेडिंग हमारे स्तर से होगी। इसमें जो भी डिपार्टमेंट फ‌र्स्ट, सेकंड प्लेस पर रहेंगे। उन्हें क्रमश: तीन लाख, दो लाख और एक लाख रुपये की प्राइज मनी दी जाएगी। यह प्राइज मनी डिपार्टमेंट अपने विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने पर खर्च कर सकते हैं।

तीन माह का समय

वीसी ने बताया कि एक बार यह असेसमेंट प्रक्रिया अपने स्तर पर पूरा करा लेते हैं तो हम बेहतर तैयारी के साथ नैक के लिए जा सकते हैं। प्रो। सिंह ने बताया कि इस असेसमेंट के लिए सभी डिपार्टमेंट को करीब तीन माह का समय दिया जाएगा। इसके बाद सभी डिपार्टमेंट की नैक असेसमेंट की तर्ज पर मार्किंग की जाएगी।

इन मानकों पर ग्रेडिंग

प्वाइंट ग्रेड

3.01 - 4.00 ए ग्रेड

2.01 - 3.00 बी ग्रेड

1.51 - 2.00 सी ग्रेड

असेसमेंट के सात प्वॉइंट

1. पाठ्यक्रम पहलू इसमें डिपार्टमेंट में शैक्षणिक वातावरण पर सवाल होंगे। इससे संबंधित क्वेश्चन में कुल 150 नंबर पर ग्रेडिंग होगी।

2. शिक्षण, अध्ययन और मूल्यांकन ग्रेडिंग में शिक्षकों की योग्यता, स्टूडेंट्स का प्रदर्शन, शिक्षकों के पढ़ाने का तरीका, एग्जाम का मूल्यांकन आदि शामिल है। इसके लिए 200 नंबर होंगे।

3. अनुसंधान परामर्श डिपार्टमेंट में ग्रेडिंग के लिए कुल 250 नंबर रखे गए हैं। इसमें डिपार्टमेंट में रिसर्च की स्थिति, पब्लिकेशन, रिसर्च, सेमिनार की स्थिति आदि की ग्रेडिंग होगी।

4. संसाधन के बिंदु पर 100 नंबर रखे गए हैं। स्टूडेंट्स को डिपार्टमेंट की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों के बारे में जानकारी देनी होगी। जैस लाइब्रेरी, साइबर लाइब्रेरी, लैब और दूसरी सुविधाएं।

5. डिपार्टमेंट लेवल पर स्टूडेंट्स के विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने जैसे सांस्कृतिक, खेल, एनएसएस, एनसीसी आदि जैसे प्रोग्राम में डिपार्टमेंट की स्थिति देखी जाएगी। इस बिंदु पर 100 नंबर होंगे।

6. छठे चरण में संबंधित डिपार्टमेंट में नेतृत्व क्षमता और शासन की स्थिति देख कर तय किया जाएगा कि उनका प्रदर्शन कैसा है। इसके लिए 100 नंबर की ग्रेडिंग होगी।

7. लास्ट फेस में डिपार्टमेंट के असेसमेंट के दौरान डिपार्टमेंट में शुरू होने वाले नई कोर्स एवं यहां होने वाले महत्वपूर्ण कार्यो का असेसमेंट सौ नंबर का होगा।

यूनिवर्सिटी में हमने रिसर्च और डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए स्कीम शुरू की है। अब डिपार्टमेंट की स्थिति और वहां के सिस्टम को सुधारने के लिए यह असेसमेंट अगले दस दिनों में शुरू करा दिया जाएगा।

प्रो। एसपी सिंह, वीसी, एलयू