-अमरनाथ यात्रियों पर हमले के विरोध में जगह-जगह हुआ प्रदर्शन

VARANASI

अमरनाथ यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस पर आंतकवादियों के हमले के विरोध में मंगलवार को जगह-जगह प्रदर्शन हुए। सामाजिक संस्थाओं की ओर से घटना की कड़ी निंदा की गई। केंद्र सरकार से मांग की गई कि आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारे। विहिप व बजरंग दल काशी महानगर की ओर से मलदहिया चौराहे पर आतंकवाद का पुतला फूंका गया। पुतला दहन में आनंद सिंह, अर्जुन मौर्य, डॉ। एसके शुक्ला, राजन तिवारी, अनुराग त्रिवेदी आदि रहे। सुबह-ए-बनारस क्लब के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल के नेतृत्व में भारतेंदु पार्क में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी महानगर की ओर से जिला मुख्यालय पर आतंकवाद का पुतला फूंका गया। उधर, काशी विद्यापीठ छात्रसंघ पूर्व उपाध्यक्ष राहुल राज के नेतृत्व में कैंट स्थित कमलापति त्रिपाठी प्रतिमा के पास कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई।

सलीम जैसा चाहिए हिंदुस्तान को मुसलमान

अमरनाथ यात्रा के दौरान अपनी जान पर खेल कर आंतकवादियों से श्रद्धालुओं की जान बचाने वाले सलीम शेख जैसे मुसलमान का हिंदुस्तान को जरूरत है। जामा मस्जिद के प्रवक्ता फरमान हैदर ने कहा कि सलीम ने जो मिशाल कायम की है वह सच्चे मुसलमान की निशानी है। सारी दुनियां को सलीम पर फक्र है। कुरान में लिखा है कि एक बेकसूर को मारने से पूरे दुनियां के बेकसूरों को मारने का आजाब आएगा।