दाउदपुर में घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस

चौथ पहुंचाकर रिश्तेदारी से लौट रहे थे कार सवार

GORAKHPUR: बारात में नाचने के दौरान हुए विवाद का बदला लेने के लिए मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। दाउदपुर में फोरलेन पर कार सवारों को घेरकर हमला बोल दिया। इनोवा कार में तोड़फोड़ कर बाइक सवार मनबढ़ फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बारात में हुई थी मारपीट

खोराबार एरिया के कठउर निवासी वीरेंद्र मौर्य लाइनमैन हैं। 21 मई को उनके बेटे गुड्डू की शादी की शाहपुर के मोहनापुर में थी। बारात गए युवकों के नाचने को लेकर शादी में विवाद हो गया था। लड़की पक्ष के लोगों ने बारात गए मिर्जापुर के एक युवक की पिटाई कर दी थी। इससे मनबढ़ युवक खार हुए थे। गुरुवार को लड़की पक्ष के लोग चौथ लेकर पहुंचे। इसकी जानकारी होने पर मनबढ़ युवक बाइक से पहुंच गए। उन लोगों ने चौथ में गए लोगों से बदला लेने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी। युवक के घरवालों की सूचना पर पुलिस पहुंची। चौथ पर गए कार सवारों रुस्तमपुर चौक पहुंचाया।

पुलिस के जाते ही घेरकर बोला हमला

शाम करीब सवा सात बजे कार सवार दाउदपुर तिराहे के पास पहुंचे। तभी बाइक सवार युवक पहुंच गए। उन लोगों ने कार रोककर हमला बोल दिया। कार में बैठी महिलाएं शोर मचाने लगे। राहगीरों की हिम्मत नहीं हुई कि वह बाइक सवार युवकों का विरोध कर सके। मनबढ़ों ने कार का शीशा तोड़कर दहशत फैला दी। किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के पहले मनबढ़ युवक फरार हो गए। पीडि़त पक्ष से जानकारी लेकर पुलिस जांच में जुट गए। लड़की पक्ष के लोगों ने युवकों के नाम बताए हैं।

वर्जन

मामले की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

ओमहरि बाजपेयी, एसएचओ कैंट