छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : बच्चा चोरी की अफवाह में गुरुवार को 9 लोगों की हत्या के बाद से पूरा शहर पिछले 72 घंटे से दहशत में है। इस घटना के खिलाफ एक समुदाय के लोग विरोध प्रदर्शित करते हुए शनिवार को सड़क पर उतर आए। इस दौरान इनमें से कुछ युवकों द्वारा मानगो में एक धार्मिक स्थल पर पथराव के बाद माहौल बिगड़ गया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। युवकों ने मानगो थाना व धातकीडीह टीओपी में तोड़फोड़ कर फूंकने का प्रयास किया। जवानों पर भी पथराव किया गया। स्थिति अनियंत्रित होता देख जवानों ने लाठीचार्ज कर युवकों को खदेड़ने का प्रयास किया। बावजूद इसके, प्रदर्शन कर रहे लोगों का आक्रोश खत्म नहीं होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दाग व हवाई फाय¨रग कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में एसएसपी अनूप टी मैथ्यू के नेतृत्व में पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। मानगो के सारे रास्ते ब्लॉक कर दिए गए हैं।

टायर जलाकर विरोध

बताया गया है कि सुबह 9:30 बजे से समुदाय विशेष के युवक मानगो मस्जिद के सामने टायर जलाकर विरोध कर रहे थे। इस दौरान हजारों युवक मानगो पुल को जाम करने आगे बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान जमकर बहस भी हुई। पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सुबह 10:15 बजे युवकों में से किसी ने सामने स्थित धार्मिक स्थल पर एक-दो पत्थर फेंक दिए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

करने लगे पथराव

इसके बाद युवक भाग खड़े हुए। कुछ दूर जाकर ये युवक पुलिस पर पथराव करने लगे। देखते ही देखते मानगो गांधी मैदान, मानगो मस्जिद के पास खड़े युवकों ने भी पत्थरबाजी प्रारंभ कर दी। पुलिस व मीडिया कर्मियों को भी इससे चोटें आई। स्थिति बिगड़ती देख एसएसपी को इसकी सूचना मानगो थाना प्रभारी की ओर से दी गई। इसके बाद सभी थानों और पुलिस लाइन से सुरक्षा बल मानगो भेजा गया। रैफ के जवान तैनात कर दिए गए। एसएसपी अनूप टी मैथ्यू भी दलबल के साथ पहुंचे। इसके बाद जवानों ने भी उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पत्थर बाजी की।

हवाई फायरिंग

मानगो दो नंबर रोड में बवालियों ने वज्र वाहन पलटने की कोशिश की। इसके बचाव को लिए पुलिस को हवाई फाय¨रग करनी पड़ी। रैफ के जवानों ने पहुंचते ही आंसू गैस के गोले छोड़े। लगभग 12 बजे स्थिति थोड़ी बहुत नियंत्रण में आ गई, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इधर, मंदिर पर पथराव के विरोध में दूसरे समुदाय के लोग भी सड़क पर उतर आए। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी की गई। इसमें कई लोग घायल भी हुए। पूरा मानगो क्षेत्र रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। बाद में पुलिस बल ने लाठचार्ज व आंसू गैस के गोले दागकर स्थिति को नियंत्रण में किया।

धतकीडीह में ढाई घंटे तक उपद्रव

जमशेदपुर के धतकीडीह में सुबह आठ से साढ़े दस बजे तक सड़क पर उपद्रव होता रहा। जबरन बाजार बंद कराया गया। आने-जाने वाले वाहनों में तोड़फोड़ व मारपीट की गई। सड़क पर टायर जलाकर यातायात को बाधित कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस पर उपद्रवियों ने पत्थरबाजी की। उपद्रवी सीसीआर डीएसपी और बिष्टुपुर इंस्पेक्टर के वाहन पर पथराव करते हुए पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने लगे। पुलिसकर्मियों ने जब लाठीचार्ज किया तो भीड़ ने दोबारा पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एसपी और कई पुलिसकर्मियों को चोट आई है। बाद में क्षेत्र के कई लोगों ने मध्यस्थता कर भीड़ को समझा बुझा कर सड़क से हटा दिया।

गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

जुगसलाई नया बाजार निवासी गौतम कुमार, विकास कुमार और बागबेड़ा गाढ़ाबासा के गंगेश गुप्ता की हत्या के मामले में प्राथमिकी की कार्रवाई के बाद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की छापेमारी जारी है। नागाडीह से अधिकांश लोग पलायन कर चुके हैं। उत्तम वर्मा की शिकायत पर नागाडीह गांव के ग्राम प्रधान, मुखिया समेत 17 के खिलाफ नामजद और 300 अज्ञात भीड़ पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में हुई हत्या मामले में पुलिस ने 21 पर नामजद और 200 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।

उपद्रवियों से निपटने को आइजी अभियान के नेतृत्व में बनी टीम

बच्चा चोरी की अफवाह और धार्मिक स्थल पर पथराव के बाद जमशेदपुर शहर में भारी तनाव और उपद्रवियों से निपटने के लिए डीजीपी डीके पांडेय ने आइजी अभियान आशीष बत्रा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टीम गठित की है। वे शनिवार शाम को पुलिस मुख्यालय में जमशेदपुर मामले की समीक्षा कर रहे थे। टीम में आइजी बत्रा के अलावा जैप डीआइजी सुधीर कुमार झा, विशेष शाखा और सीआइडी के एक-एक पुलिस अधीक्षक भी शामिल होंगे। सभी अधिकारी रांची से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे।

इसके अलावा स्थिति को सामान्य रखने के लिए अलग से 06 कम्पनी अतिरिक्त बल जमशेदपुर को मुहैया कराई गई है। वहीं पीटीसी हजारीबाग से एक घुड़सवार दस्ता भी जमशेदपुर के लिए रवाना किया जा रहा है।

अफवाह फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा :

अफवाह के बाद नौ लोगों की हुई हत्या को पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। मामले में डीजीपी डीके पांडेय के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय के स्तर से एक अपील जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि अफवाह फैलाने वाले देश के दुश्मन हैं। समाज में उन्माद फैलाने वालों को बेनकाब करने में लोग झारखंड पुलिस की मदद करें। यदि किन्हीं के पास उन्माद फैलाकर हिंसा करने या कराने वालों की जानकारी हो तो उसे अवश्य स्थानीय पुलिस को दें। सूचना देने वालों का नाम और पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखा जाएगा।