JAMSHEDPUR: राजनगर में चार युवकों की हत्या के विरोध में एक समुदाय के लोगों ने मानगो व धतकीडीह में जमकर उत्पात मचाया। मानगो थाने को फूंकने का प्रयास किया। वहीं बिष्टुपुर टीओपी में तोड़फोड़ की गई। रोकने का प्रयास कर रहे कई पुलिस अधिकारियों व जवानों के साथ हाथापाई भी की गई। जमकर पथराव हुआ जिसमें कई लोग घायल हुए। दर्जनों जगहों पर टायर जलाकर मार्ग को अवरुद्ध किया गया। राहगीरों से बदसलूकी व मारपीट हुई। धार्मिक स्थानों पर पथराव कर माहौल को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश का पुरजोर प्रयास किया गया। मोनगो में मुंशी मोहल्ला स्थित एक धार्मिक स्थल से फाय¨रग व पथराव किया गया, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से आश्रु गैस के गोले दागे व फाय¨रग की।

सैकड़ों युवक रोड पर उतरे

पिछले एक सप्ताह में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद अलग-अलग तीन घटनाओं में नौ लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। शनिवार की सुबह साढ़े सात बजे से मानगो व धतकीडीह में सैकड़ों युवक सड़क पर उतर आए और दुकानें को बंद कराने के साथ टेंपो में तोड़फोड़ करने लगे। इसी क्रम में धार्मिक स्थल पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। जिसके बाद माहौल बिगड़ने लगा। सूचना पर सीनियर एसपी अनूप टी मैथ्यू, यातायात डीएसपी विवेकानंद ठाकुर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

उपद्रवियों पर लाठी चार्ज

इधर, भीड़ ईदगाह मैदान से मानगो पुल की ओर आगे बढ़ने लगी। स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख सीनियर एसपी के आदेश पर पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद भगदड़ मच गई। उपद्रवी मानगो थाना के समीप एकत्रित हो गए, और वहां पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आश्रु गैस के गोले दागे। इस बीच उत्पातियों की ओर से फाय¨रग भी की गई। इसके जवाब में पुलिस की ओर से मानगो थाना के समीप करीब चार राउंड गोली चलाई। मानगो थाना रोड का विवाद शांत नहीं हो पाया था कि डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला के पास हंगामा शुरू हो गया। जहां दोनों ओर से पथराव हुआ। पुलिस ने यहां भी लाठीचार्ज कर स्थिति को संभाला।