- भाजपा पर अर्थव्यवस्था को चौपट करने का आरोप लगाया

- सपा सरकार बनने पर कराएंगे फर्जी एनकाउंटर की जांच

LUCKNOW:

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जबसे सत्ता में आई है सामाजिक विघटन के साथ उसने अर्थव्यवस्था और कानून-व्यवस्था को भी चौपट कर दिया है। भाजपा के लोग नोट इकट्ठा कर एटीएम खाली कर रहे हैं। बाजार से नोट गायब होने में भाजपा की बड़ी भूमिका है। इन रुपयों का उपयोग लोकसभा चुनाव में हो सकता है। अखिलेश रविवार को पार्टी मुख्यालय में हिन्दू-मुस्लिम तेली महासभा की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

'राष्ट्रीय शर्म' की स्थिति तक पहुंचाया

अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने समाज में खाई पैदा की है। उसने सभी जातियों को धोखा दिया है। चाय से बात शुरू हुई थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने बताया कि वह पिछड़े समाज से हैं। उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि व्यापारियों, गरीबों और किसानों के साथ धोखा हुआ है। वहीं कानून व्यवस्था की विफल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जनता डरी हुई है। महिलाओं की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। बलात्कार की घटनाओं से बच्चियां सहमी हुई हैं। बलात्कार की गूंज राष्ट्रसंघ तक में सुनाई दी है। प्रधानमंत्री को भी अपने विदेश दौरे में इन घटनाओं पर सफाई देनी पड़ी। भाजपा ने भारत को 'राष्ट्रीय शर्म' की स्थिति तक पहुंचा दिया है। भाजपा सरकार का यह दावा सत्य से परे है कि एनकाउंटर से प्रदेश में अपराधों में कमी आई है। सच्चाई यह है कि ज्यादातर एनकाउंटर फर्जी हुए है। सपा सरकार बनने पर इनकी जांच होगी। जो भी अधिकारी दोषी पाया जायेगा उसे कड़ी सजा दी जाएगी।