- 18 साल की एक लड़की हुई घायल

- छापेमारी को गई पुलिस टीम पर की रोड़ेबाजी, कई को आई चोट

- हिरासत में लिए हॉस्टल में रहने वाले तीन दर्जन स्टूडेंट्स

- जब्त किए गए हॉकी, रॉड और बाल्टी में रखे पत्थर

PATNA : गुरुवार की शाम पीएमसीएच का स्टाफ क्वार्टर एकाएक थर्रा उठा। वहां रहने वाले जब तक कुछ समझ पाते तब तक इकबाल हॉस्टल के स्टूडेंट्स एक-एक कर लगातार तीन बम दाग चुके थे। हर तरफ अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भाग रहे थे। इस बीच बम की चपेट में स्टाफ क्वार्टर में रहने वाली क्8 साल की मोना आ गई। उसके दोनों पैर काफी जल गए हैं। उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में एडमिट कराया गया। बमबाजी के बाद सारे उत्पाती स्टूडेंट्स वापस हॉस्टल भाग गए। मामले की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाने की पेट्रोलिंग टीम वारदात स्थल पर पहुंची। फिर वहां से इकबाल हॉस्टल गई। पुलिस को आता देख हॉस्टल की छत से स्टूडेंट्स ने जमकर रोड़ेबाजी कर दी। जिसमें पेट्रोलिंग टीम में शामिल पुलिस वालों को काफी चोट आई।

हिरासत में स्टूडेंट्स

मामले की जानकारी एसएसपी मनु महाराज को मिली। इसके बाद सिटी एसपी सेंट्रल चंदन कुशवाहा के साथ कई थानों की पुलिस ने इकबाल हॉस्टल में रेड किया। टीम ने हॉस्टल के एक-एक कमरे की तलाशी ली। काफी संख्या में कमरों से हॉकी, रॉड, लाठी-डंडे और रोड़ेबाजी के लिए बाल्टी में जमा किए गए पत्थर को जब्त किया गया। साथ ही करीब तीन दर्जन स्टूडेंट्स को हिरासत में लिया गया। एक-एक कर सबसे पूछताछ की गई।

छेड़खानी बना कारण

इस पूरे वारदात का मूल कारण एक लड़की के साथ की गई छेड़खानी है। दरअसल, इकबाल हॉस्टल में रहने वाले कुछ स्टूडेंट्स शाम के वक्त काली घाट गए थे। जहां फैमिली के साथ मंदिर आई एक लड़की को हॉस्टल के लड़कों ने छेड़ दिया।

दो लड़कों की कर दी पिटाई

मौके पर मौजूद दो लड़कों ने छेड़खानी का विरोध किया। इस पर दोनों की हॉस्टल के स्टूडेंट्स ने जमकर पिटाई की। दोनों को लहुलुहान कर दिया। इसी बीच पीएमसीएच स्टाफ क्वार्टर के कुछ लोग पहुंच गए। किसी तरह घायल दोनों लड़कों को बचाया। हॉस्टल के स्टूडेंट्स को लगा कि दोनों लड़के स्टाफ क्वार्टर में रहते हैं। इसके बाद ही वहां जाकर बमबाजी की।