JAMSHEDPUR: जुस्को के एमडी आशीष माथुर ने कहा कि जमशेदपुर आज देश में स्मार्ट सिटी के तौर पर अपनी पहचान बना चुका है। अब इसे स्मार्टर बनाने पर जुस्को काम कर रही है। इसके लिए कई डिजिटल प्लेटफार्म पर काम चल रहा है। हमने अपने अभियानों के जरिए शहरवासियों की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव किए हैं। आशीष माथुर ने सोमवार को नए साल के मौके पर जुस्को ग्रीन में केक कटिंग समारोह को संबोधित करते हुए ये बाते कहीं। उन्होंने कहा कि जुस्को सरकारी योजनाओं में भी संविदा के जरिए काम कर रही है। चक्रधरपुर, चाकुलिया, मोहरदा व वेस्ट बोकारो में पेयजल के लिए सरकार से करार सहित नवजीवन आश्रम में फ्लैट का निर्माण इसका उदाहरण है। जुस्को ने टाटा स्टील जमशेदपुर, सुकिंदा माइंस व कलिंगानगर के कई प्लांट में रख-रखाव के क्षेत्र में भी अपनी भागीदारी बढ़ाई है। सेफ्टी पर बोलते हुए कहा कि हम सेफ्टी के मामले में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं कर सकते। चाहे वह स्थायी हो या ठेकाकर्मी। 2016-17 में कंपनी को टीबीईएम रिपोर्ट के आधार पर 601 अंक मिले लेकिन जानलेवा दुर्घटना के कारण 8 अंक कम हो गए जिसका असर हर एक कर्मचारी पर भी पड़ा। इस मौके पर जुस्को चेयरमैन सुनील भास्करन, एमडी टीवी नरेंद्रन, जुस्को श्रमिक यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने केक काटकर कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी।

सभी अभियान से जुड़ें शहरवासी

समारोह में टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कहा कि जमशेदपुर में चलने वाले सभी अभियान में शहरवासियों को जरूर जोड़ना चाहिए। हालांकि जुस्को ने जिम्मेदार नागरिक और नवंबर से शहर में चल रहे विंटर फेस्ट सहित कई कार्यक्रमों में यहां के लोगों को जोड़कर सराहनीय काम किया है। टाटा स्टील ने अपने चुनौतीपूर्ण समय में भी जमशेदपुर में निवेश किया। जमशेदपुर शहर को देखकर चेयरमैन एन। चंद्रशेखरन समेत टाटा स्टील बोर्ड के सभी निदेशक खुश हुए हैं। फुटबॉल के प्रति शहरवासियों का प्रेम भी अनोखा है।