- पीएसी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की होनी थी भर्ती

- किला रोड लगाया जाम, किया पथराव, अफरा-तफरी

आगरा। पीएसी भर्ती प्रक्रिया रद्द होने की जानकारी होने पर अभ्यर्थियों ने बुधवार को हंगामा कर दिया।

पुरानी मंडी किला रोड पर जाम लगा दिया। पथराव कर दिया। टूरिस्ट एरिया होने से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पीएसी भी बुला ली गई। हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों को खदेड़ दिया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद स्थिति को काबू में किया जा सका।

अभ्यर्थियों को नहीं हो सकी जानकारी

पीएसी ने चतुर्थ श्रेणी भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। इसमें 13 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन दो दिन पहले ही भर्ती निरस्त कर दी गई। इसका नोटिस ताजगंज पीएसी मैदान में लगा दिया गया। लेकिन मैदान में लगा बोर्ड किसी ने हटा दिया था। इससे सभी अभ्यर्थी को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। बुधवार सुबह छह बजे करीब डेढ़ हजार अभ्यर्थी मैदान में पहुंच गए। सभी ग्राउंड पर जमा हो गए, लेकिन काफी देर तक कोई अधिकारी नहीं आया।

नोटिस भी नहीं लगा देखा

इस पर सुबह करीब साढ़े छह बजे अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। हंगामे की जानकारी पर पीएसी आ गई। पीएसी के समझाने पर अभ्यर्थी मानने को तैयार नहीं थे। हंगामा बढ़ा तो पीएसी ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया। पुरानी मंडी चौराहे पर अभ्यर्थियों को खदेड़ दिया।

रोड पर लगाया जाम, पथराव

पुरानी मंडी आने के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ किला रोड पर पहुंच गई। यहां पर फुटपाथ पर रखे पत्थर उठा कर सड़क पर रख दिए। मौके पर जाम लगा दिया। साथ ही पथराव कर दिया। अचानक पत्थर चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई वाहनों के पहिए थम गए। इस रोड से सैकड़ों टूरिस्ट निकलते हैं। मौके पर दहशत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

थाना ताजगंज का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पीएसी भी पहुंच गई। सुबह 10 बजे करीब किसी तरह गुस्साए अभ्यर्थियों को मौके से हटाया गया। इसी के बाद जाम खुल सका। सड़क पर रखे पत्थर हटाए गए। काफी हंगामे के बाद अभ्यर्थी मौके से गए।