आगरा। सीबीएसई इंटरमीडिएट में बाजी एक फिर बेटियों के हाथ लगी। सिंपकिंस स्कूल की शिवानी गौतम ने आगरा में 97.8 परसेंट मा‌र्क्सके साथ टॉप किया, जबकि ऑल सेंट स्कूल के रवि गुप्ता 97.2 परसेंट मा‌र्क्स के साथ दूसरे नंबर पर रहे। दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्रेरणा व सार्थ 97 परसेंट मा‌र्क्स के साथ तीसरे स्थान पर रहे। जिले में इस बार 94.6 परसेंट स्टूडेंट्स पास हुए, जबकि पिछले वर्ष ये आंकड़ा 95.2 परसेंट था।

12 बजे से पहले ही हुआ जारी

मॉडरेशन पॉलिसी में बदलाव को लेकर सीबीएसई इंटरमीडिएट के रिजल्ट जारी होने पर संशय बना हुआ था। मामला कोर्ट तक पहुंच गया था। आखिर में बोर्ड ने मॉडरेशन पॉलिसी को लागू करने की बात कही। इसके बाद रविवार को स्टूडेंट्स का बेसब्री से रिजल्ट इंतजार खत्म हो गया। रविवार को दोपहर 12 बजे रिजल्ट आने की उम्मीद थी, लेकिन सीबीएसई ने सुबह साढे़ 10 बजे ही परिणाम घोषित कर दिया। रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड होने की जानकारी होते ही स्टूडेंट्स ने साइबर कैफे और स्कूल की ओर दौड़ लगा दी। मा‌र्क्स सामने आते ही जश्न शुरू हो गया। स्कूलों में मिष्ठान्न वितरण शुरू हो गया।