- झंगहा के भवरही गांव में हुई घटना, पुलिस मान रही है कि मामले को संदिग्ध

- महिला को उसी की साड़ी से चारपाई में बांधा, तोड़ दिए आलमारी व बक्से के ताले

JHANGHA:

झंगहा थाने के भवरही गांव में रविवार की रात आधा दर्जन डकैतों ने धावा बोला। डकैतों ने घर में घुस कर महिला को असलहे के बल पर काबू में ले लिया। फिर, उसी की साड़ी से उसे चारपाई में बांध दिया। इसके बाद तमंचे से आतंकित कर आराम से आधे घंटे तक घर में लूटपाट करते रहे। करीब चार लाख के जेवर, 7 हजार नगदी व बैंक, जमीन संबंधी कागजात ले गए। 100 नंबर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। डॉग स्क्वायड और क्राइम टीम ने भी पहुंचकर तहकीकात की। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।

देवर-भाभी थे घर पर

झंगहा थाना क्षेत्र की रिपोर्टिग चौकी बरही के ग्राम भवरही में पारसनाथ पासवान का घर है। पारसनाथ और उनका बड़ा बेटा अशोक रोजी-रोजगार के लिए मुंबई में रहते हैं। पारसनाथ की पत्‍‌नी अदालती देवी शनिवार को अपनी बेटी के ससुराल चली गई थीं। रविवार की रात घर में बहू आरती, आरती का बेटा विवेक (8), बेटी लक्ष्मी (6) और देवर मनोज ही थे। मनोज छत पर सोने चला गया जबकि आरती अपने बच्चों के साथ घर के अंदर सोई थी।

डकैतों ने पीटा चैनल

रात करीब एक बजे कुछ लोग पहुंचे और चैनल पीटने लगे। चैनल के पास ही कमरे में सो रही आरती को लगा कि देवर मनोज है। उसने आधी नींद में ही जाकर चैनल का ताला खोल दिया। ताला खुलते ही उसे ढकेलते हुए पांच डकैत अंदर घुस आए। आरती से गहनों वाले बॉक्स की चाबी मांगी। उसने जब कहा कि उसे चाभी के बारे में नहीं पता तो एक डकैत ने थप्पड़ मार दिया। शोर मचाने की कोशिश की तो दूसरे ने असलहा सटा दिया।

चारपाई से बांध दिया

आरती ने तब भी डकैतों को चाबी नहीं दिया। डकैतों ने उसे उसी की साड़ी से चारपाई में बांध दिया। एक डकैत वहां असलहा लेकर खड़ा हो गया। बाकियों ने कमरों में घुसकर बाक्स व अटैची तोड़ डाले और आभूषण, नगदी व कागजात लूट लिए। डकैतों के जाने के बाद आरती ने किसी तरह खुद को मुक्त किया। वह इतना ज्यादा डर गई थी कि देवर को आवाज तक नहीं लगा पा रही थी। उसने बेटे को जगाकर अंकल को बुलाकर लाने को कहा।

100 नंबर पर सूचना

देवर मनोज आया तो आरती ने उसे डकैती की बात बताई। मनोज ने 100 नंबर पर सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस पहुंच गई। सोमवार को सुबह आरती की सास भी आ गई। घर वालों ने पुलिस को बताया कि दो कमरों में डकैती हुई है। सोने की दो चेन, छह माला, चांदी की दो करधन, सोने का दो कनफूल, चांदी का गोड़हरा, हसुली, सात हजार कैश, बैंक व जमीन के कागजात की लूट हुई है। राजेश की शादी तय है। उसकी शादी के लिए गहने खरीदे गए थे, वे गहने भी गायब हैं। करीब पांच लाख की डकैती के संबंध में घर वालों ने तहरीर दी है। मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस, सीओ चौरी चौरा एसएन सिंह, डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच की।

मौके पर पहुंचकर जांच की गई। परिवार वालों की ओर से तहरीर मिल गई है। मामला कुछ संदिग्ध लग रहा है। जांच में चीजें क्लीयर होंगी।

- वीके सिंह, कार्यवाहक थानाध्यक्ष