GORAKHPUR: वार्ड नंबर 13 शिवपुर सहबाजगंज ( पहले वार्ड 15 था)। वार्ड में प्रवेश करते ही करते ही समस्याओं की भरमार है। दैनिक जागरण - आई नेक्स्ट टीम रविवार को यहां पब्लिक से जुड़ी व्यवस्थाओं का हाल जानने पहुंची। पब्लिक से बात हुई तो बस एक ही सुर में सबने नाली, जर्जर सड़क, जलजमाव आदि तमाम समस्याएं गिना डालीं। वार्ड में प्रवेश करते ही अजय राज सिंह मिल गए। उन्होंने बताया कि यहां तमाम व्यवस्थाओं का हाल बुरा ही है। सड़कें जहां जर्जर हो चुकी हैं। वहीं सफाई व्यवस्था भी भगवान भरोसे ही है। आवारा जानवर भी गलियों में रास्ता चलना मुश्किल कर रहे हैं।

पार्षद - सुजीत कुमार

इंटरमीडिएट

कितनी बार से - पहली बार पार्षद बने हैं।

जनसंख्या - 18000

वोटर्स -11,242

मेल - 6170

फीमेल - 5072

सड़क

10 में 4

वार्ड नंबर 13 में प्रवेश करते ही एरिया की सड़कों की जर्जर स्थिति वार्ड की जनसुविधाओं की बदहाली का हाल बयां करने लगती है। लोगों ने बताया कि दो साल पहले यहां सड़क बनाने के लिए गिट्टी बिछाई गई लेकिन कार्य काफी धीमा होता रहा। काफी शिकायत के बाद सड़क बनी भी तो नाली की सही व्यवस्था ना होने से हुए जलजमाव की वजह से टूट गई। तब से सड़क का यही हाल है। एरिया की कई सड़कें कुछ इसी स्थिति में अपनी दशा सुधरने का इंतजार कर रही हैं।

सफाई

10 में 4

कुछ दूर आगे जाने पर मोहल्ले के ही अतुल सिंह से मुलाकात हुई। रास्ते में पड़े कचरे को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि यहां यही हाल रहता है। बताया कि घरों के सामने ही कूड़े का अंबार लगा रहता है लेकिन जिम्मेदार इस ओर देखते तक नहीं। इस संबंध में पार्षद से भी कई बार शिकायत की गई लेकिन हाल नहीं सुधरा।

जलजमाव

10 में 3

वहीं, एरिया में जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था देखने नहीं मिली। हाल ये कि ज्यादातर गलियों में नाली बनी ही नहीं है। जिसके चलते घरों का गंदा पानी सड़क पर ही फैलता रहता है। वहीं, जहां नालियां हैं भी उनके गंदगी से पटी होने के कारण गंदा पानी निकल नहीं पाता। यही वजह है कि बारिश के सीजन में यहां के लोगों को जलजमाव की नारकीय स्थिति झेलनी पड़ती है। लोगों ने बताया कि इसके चलते संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी बना रहता है। दो साल पहले गंदगी व जलजमाव की वजह से यहां के दो लोद डेंगू की चपेट में आ गए थे। जिसमें एक महिला की मौत भी हो गई थी। लेकिन बावजूद इसके जिम्मेदारों ने साफ-सफाई के साथ दवाइयों के छिड़काव आदि की व्यवस्था सही नहीं कराई।

तार

10 में 4

दैनिक जागरण -आई नेक्स्ट टीम यहां से आगे बढ़ी तो देखा कि बिजली का खंभा झुका हुआ है और तार जमीन से मात्र छह फीट की ऊंचाई पर लटका हुआ है। एक मोहल्लावासी ने बताया कि कई दिन से ये समस्या बनी हुई है। इसके चलते इस रास्ते से गुजरने में लोगों को डर लगता है कि कहीं कोई हादसा ना हो जाए। मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से भी इस संबंध में मुलाकात कर पोल सही कराने के लिए कहा लेकिन आश्वासन के बावजूद कोई नजर नहीं आया।

आवारा पशु

10 में 3

शहर के विभिन्न वार्डो की तरह यहां भी आवारा जानवर आतंक का पर्याय बने हुए हैं। यहां जगह-जगह कूड़ा जमा होने के चलते आवारा पशु अपना डेरा जमा लेते हैं। ये खुलेआम सड़कों पर घूमते रहते हैं। जिसके चलते राहगीरों के लिए रास्ता चलना तक मुश्किल है। यहां के रहने वाले प्रमोद सिंह ने बताया कि 10 दिन पहले ही एक व्यक्ति घायल हो गया था। उन्होंने बताया कि आवारा पशुओं के चलते बच्चे और मोहल्लेवाले रास्ता चलते डरने लगे हैं।

जवाब दो पार्षद जी

रिपोर्टर- आप के वार्ड में सफाई की रफ्तार क्यों धीमी है?

पार्षद- 13 नंबर वार्ड काफी बड़ा है। सफाई कर्मी काफी कम हैं। एक-एक एरिया करके किसी तरह से सफाई कराई जाती है।

रिपोर्टर- आप के एरिया में आवारा पशु खुलेआम घूम रहे हैं, इस पर क्या कहना है?

पार्षद- आवारा पशुओं को हटाने के लिए कई बार नगर निगम से पत्र के जरिए शिकायत दर्ज कराई गई। वहीं रात में जानवर मोहल्ले वालों को परेशान न करें इसके लिए 20 से अधिक हाईमास्ट व सोडियम लाइट भी लगाई गई है।

रिपोर्टर- आप के इलाके में सड़कें, गढ्डों में तब्दील हो गई हैं। आखिर मरम्मत कार्य क्यों नहीं हो सका?

पार्षद- वार्ड की जो सड़कें टूटी हैं, उनकी मरम्मत का प्रपोजल बनाया गया है। बाकी रोड्स का कार्य पहले ही हो चुका है। अन्य बची सड़कों का भी निर्माण जल्द शुरू करा दिया जाएगा।

रिपोर्टर- आप के वार्ड में बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं, इसके चलते कभी भी कोई हादसा हो सकता है। आप इसके लिए क्या कर रहे हैं?

पार्षद-इसके लिए कई बार बिजली विभाग को पत्र लिखा गया लेकिन कुछ नहीं किया गया। सिर्फ आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लेते हैं।

सुजीत कुमार, पार्षद वार्ड नंबर 13

पब्लिक डिमांड

1- जलजमाव से मुक्ती के लिए नालियां बनवाई जाएं।

2- जो सड़कें पूरी तरह टूट चुकी हैं, उनका नए सिरे से निर्माण कराया जाए। साथ ही जहां-जहां गढ्डे हैं वहां की तत्काल मरम्मत कराई जाए।

3- पुराने व जर्जर तार और पोल बदलवाए जाएं।

4- आवारा पशुओं से छुटकारा दिलाने के लिए ठोस उपाए किए जाएं।

वार्ड बोलता है

वार्ड की सड़कों का हालत बहुत खराब है। जगह-जगह सड़कें गढ्डे में तब्दील हो गई हैं। शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।

- रीतेश कुमार, व्यापारी

बिजली के खंभे और तार काफी जर्जर हो चुके हैं। एक जगह तो खंभा इतना झुका है कि तार लगभग सड़क पर ही लटक गए हैं। इससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। शिकायत भी की गई लेकिन समस्या दूर नहीं की गई।

- अनुपम सिंह, प्रोफेशनल

यहां की ज्यादातर गलियों में नालियां बनी ही नहीं है। जिसके चलते अक्सर जलजमाव की स्थिति बन जाती है। इसके लिए पार्षद से लेकर जिम्मेदारों को पत्र भी दिया गया। लेकिन कोई कार्य नहीं हुआ।

- चंदन कुमार श्रीवास्तव, प्रोफेशनल

घर के सामने ही कूड़े का ढेर लगा रहता है। आवारा जानवरों के चलते भी बहुत दिक्कत होती है। लेकिन कहने के बाद भी जिम्मेदार नहीं सुनते हैं।

- बृज पांडेय, स्टूडेंट