बब्लू नामक बंदी जेल अस्पताल में था भर्ती, दुष्कर्म के आरोप में 18 अप्रैल को आया था जेल

ALLAHABAD: केंद्रीय कारागार नैनी में शनिवार दोपहर रहस्मय परिस्थितियों में बंदी बब्लू केसरवानी (43) की मौत हो गई। सूचना पर उसके परिजन रोते बिलखते नैनी कारागार पहुंचे और हत्या का आरोप लगाया। जेल प्रशासन की ओर से हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया गया।

अचानक शुरू हुई उल्टी-दस्त

खीरी थाना क्षेत्र के खूटा गांव निवासी बल्लू केसरवानी को केन्द्रीय कारगार के च्रक संख्या 4 में रखा गया था। उसे दुष्कर्म के आरोप में 18 अप्रैल को जेल में दाखिल किया गया था। जेल सूत्रों के मुताबिक शनिवार दोपहर अचानक उल्टी दस्त के बाद उसका शरीर काला पड़ने लगा। इसकी जानकारी जेल के अधिकारियों को दी गई। उनके आदेश पर बंदी को जेल अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती करते ही उसकी मौत हो गयी। जेल प्रशासन ने इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। सूचना पर नैनी पुलिस ने जेल अस्पताल पहुंचकर लाश को कब्जे में लिया और पोस्मार्टम के लिए भेजकर परिजनों को मौत की जानकारी दी। सूचना पाकर मृतक के परिजन जेल पहुंचे। पति का शव देख पत्‍‌नी सुषमा केसरवानी ने हत्या का आरोप लगाया है।

चल रही थी रंजिश

बंदी बल्लू केसरवानी की मौत के बाद जेल पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए जेल प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। परिजनों का कहना था कि पूर्व में हुए ग्राम प्रधान के चुनाव से ही रंजिश चल रही है। उसकी पत्‍‌नी ने कहा कि दुष्कर्म के झूठे आरोप में फंसाकर पति को जेल भेजवाने वाला भी इस समय एक मामले में नैनी जेल में बंद है। इस घटना के बाद जेल प्रशासन के हाथ पैर फूले हुए हैं। सच्चाई क्या है ये तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।

बंदी की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने जो आरोप लगाया है वह निराधार है।

वीआर वर्मा, डीआईजी, जेल