- घर में शुल्क वसूलने से बढ़ेगा निगम को दो गुना राजस्व

-अभी निगम प्रतिमाह वसूल रहा करीब दस लाख का शुल्क

DEHRADUN: अब डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पेमेंट के लिए आपको निगम दफ्तर के चक्कर नहीं काटने होंगे। निगम कूड़ा कलेक्शन को पीपीपी मोड पर करने की तैयारी में है। इसके लिए बकायदा टेंडर जारी किये जायेंगे। जिस भी कंपनी को टेंडर जारी किया जायेगा वह घर पर ई पेमेंट के जरिए कूड़े का शुल्क वसूलेगा। निगम ने इसके लिए सारी तैयारियां कर ली हैं। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो एक माह के भीतर योजना धरातल पर उतर जायेगी।

डोर-टू-डोर भुगतान से बढ़ेगा राजस्व

गौरतलब है कि अभी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन से प्रतिमाह दस लाख का राजस्व निगम को मिल रहा है। योजना के शुरू होने के बाद निगम का राजस्व दो गुना बढ़ जायेगा। अभी तक निगम किसी प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से कूड़ा कलेक्शन की धनराशि ले रहा है। एजेंसी की कार्यशैली से निगम संतुष्ट नहीं है। निगम का मानना है कि योजना के धरातल पर उतरते ही कार्य में पारदर्शिता आयेगी। हालांकि निगम प्रति घर से अभी ब्0 रुपये वसूल रहा है।

सभी वार्डो में होंगी मशीनें वितरण

निगम के मुताबिक टेंडर जारी होने के तुरंत बाद शहर के सभी वार्डो में स्वाइप मशीन जारी की जायेगी। जो कंपनी इस की जिम्मेदारी लेगी वह कर्मचारियों की नियुक्त करेगी। हालांकि वसूले गये राजस्व से ही निगम कर्मचारियों को वेतन का भुगतान करेगा।

70 हजार घरों से उठ रहा कूड़ा

इस समय नगर निगम के अंतर्गत आने वाले घरों की संख्या का आंकलन किया जाये तो सत्तर हजार के करीब हैं। इसके अलावा कामर्शियल हाउस भी हैं। लेकिन निगम द्वारा जिस एजेंसी को ठेका दिया गया है। उसके द्वारा वसूले जाने वाला राजस्व आधा है।

नगर निगम की ओर से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को पीपीपी मोड पर लाने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए कोई भी कंपनी को टेंडर जारी किया जा सकता है। जिस भी कंपनी के पास कूड़ा कलेक्शन का ठेका दिया जायेगा, वह सभी वार्डो के प्रति घर से स्वाइप मशीन के जरिए धनराशि वसूलेगा। इसके लिए लोगों को दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके साथ ही निगम के राजस्व में इजाफा होगा।

कैलाश गुंज्याल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी