गांव के युवकों से पूछताछ में मिली कई महत्वपूर्ण जानकारियां

सूचनाओं को पुख्ता करने के लिए पुलिस जुटा रही सुबूत

ALLAHABAD: सोरांव थाना क्षेत्र के कलंदरपुर गांव में बीडीसी संतोषी देवी और उनके पति जितेंद्र पटेल की हत्या के राज से पर्दा शुक्रवार को भी नहीं उठ सका। हालांकि, पुरानी बातों के आधार पर पुलिस ने एक शिक्षक समेत गांव के ही कई अन्य युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उधर, पूर्व सीएम अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल एमएलसी वासुदेव यादव के नेतृत्व में गांव पहुंचा और परिजनो से मिलकर संवेदना व्यक्त की। स्पॉट का निरीक्षण किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

गुरुवार की भारे में खुली थी घटना

दम्पत्ति की हत्या का मामला गुरुवार की सुबह प्रकाश में आया था। घटना की जांच कर रही पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम शुक्रवार को एक बार फिर गांव पहुंची। मृतक के परिजनों और कई अन्य युवकों से लंबी पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक करीबियों ने पुलिस को बताया कि गांव का ही एक शिक्षक अक्सर संतोषी के घर आता जाता था। वह शराब भी पीता है। बुधवार की रात करीब नौ बजे जितेंद्र पटेल के साथ वही युवक टहल रहा था। उसने शराब भी खरीदी थी और फिर दोनों ने एक साथ पिया था। इस पर पुलिस ने जब शिक्षक को उठाकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने संतोषी देवी के साथ रिश्ते की बात कबूल की। उसने यह भी बताया कि वह जरूरत पड़ने पर संतोषी देवी की मदद भी करता था।

बुधवार की रात पी थी शराब

घटना वाले दिन उसने जो शराब खरीदी थी उसे अपने घर ले गया था। पुलिस का मानना है कि शिक्षक के अलावा संतोषी देवी के सम्पर्क में कई और युवक रहे होंगे। पुलिस कई युवको की तलाश कर रही है। पुलिस को पता चला है कि शिक्षक का ही एक दोस्त है, जिसकी संतोषी से पुरानी रंजिश भी चल रही थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। ऐसे में पुलिस उसे भी संदेह के दायरे में रख रही है क्योंकि डॉग स्क्वॉड भी उसके घर के पास तक गया था।

बीडीसी के करीबी शिक्षक समेत कई अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा।

जितेंद्र कुमार,

सीओ सोरांव