RANCHI : गुरुवार को मौसम का मिजाज बिलकुल बदला-बदला रहा। पूरे दिन जहां आसमान में बादल छाए रहे, वहीं शाम में हुई हल्की बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। मौसम के यू टर्न लेने से अचानक ठंड बढ़ गई है। एक तो दिन में सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए, ऊपर से बारिश के साथ कनकनी के बढ़ने से लोगों की मुसीबतें भी बढ़ गई। गुरूवार को रांची का अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आसपास के इलाकों में तेज बारिश

रांची समेत पूरे झारखंड में इन दिनों वेस्टर्न इफेक्ट की वजह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। इस वजह से राज्य के कई इलाकों में तेज बारिश तो कहीं रुक-रूककर बारिश हुई। मेदिनीनगर में गुरुवार को 33.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि हजारीबाग, रामगढ़ और कोडरमा में भी अच्छी बारिश हुई।

आज से गिरेगा पारा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान अधिकारी आरके महतो के मुताबिक, शुक्रवार को भी यहां वेस्टर्न डिस्टर्बेस का असर रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश की भी संभावना है। शनिवार को बादल छंटने की उम्मीद है, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। करीब दो से तीन डिग्री पारा गिर सकता है।

ट्रेन सेवाओं पर असर

मौसम का असर ट्रेन सेवाओं पर पड़ रहा है। खराब मौसम की वजह से गुरुवार को जम्मूतवी-राउरकेला एक्सप्रेस 8.5 घंटे विलंब से रांची रेलवे स्टेशन पहुंची, जबकि नई दिल्ली-संपर्कक्रांति एक्सप्रेस 3.5 घंटे लेट से रांची आई। ट्रेनों के विलंब से चलने से पैसेंजर्स की परेशानी काफी बढ़ गई है।

केंद्रीय विद्यालयों में दाखिला 9 से

केंद्रीय विद्यालय संगठन ने देशभर में फैले केंद्रीय विद्यालयों में दाखिले की प्रकिया की घोषणा कर दी है। सेशन 2015-16 के लिए केंद्रीय विद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया आगामी नौ फरवरी से शुरू होने जा रही है। पहली कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म नौ फरवरी से मिलने शुरू होंगे और 10 मार्च तक आवेदन किया जा सकेगा।