- 2,50,000 घरों में डस्टबिन वितरण करने की बनाई नई योजना

- 2 लाख घरों में डस्टबिन पहले वितरण करने की थी योजना

- 5 लाख डस्टबिन बांटने की है अब नई योजना

एक्सक्लूसिव

मितेंद्र गुप्ता

मेरठ। नगर निगम ने एक बार फिर डस्टबिन योजना को बदल दिया है। अब नगर निगम ने दो लाख नहीं बल्कि ढाई लाख घरों में डस्टबिन वितरण की योजना बनाई है। लिहाजा नगर निगम फिर से कागजी खाका तैयारी में जुटा है।

पोर्टल से खरीदने की योजना

नगर निगम ने अब जैम पोर्टल से खरीदने की योजना बनाई है। पहले नगर निगम ने कंपनी से खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी कराई थी। लेकिन नए नगर आयुक्त ने टेंडर प्रक्रिया को खत्म करके सरकार के पोर्टल से ही डस्टबिन खरीदने के निर्देश दिए। लेकिन अभी सरकारी पोर्टल पर डस्टबिन उपलब्ध ही नहीं है। लिहाजा जब उपलब्ध होंगे तभी डस्टबिन खरीदे जाएंगे और वितरित होंगे।

व्यापारियों को भी मिलेगा डस्टबिन

पहले नगर निगम ने महज घरों में डस्टबिन वितरण की योजना बनाई थी। बीती 5 जून से योजना को शुरू भी कर दिया था। इसके तहत 600 डस्टबिन वितरण भी किए। ज्यादा डस्टबिन न मिलने के कारण एक जुलाई से वितरण की योजना बनाई। पर एक जुलाई से भी वितरण नहीं होगा। क्योकि अभी तक डस्टबिन ही खरीदे नहीं गए हैं। बहरहाल नगर निगम ने अब व्यापारियों को भी डस्टबिन देने की योजना बनाई है।

अब व्यापारियों को भी डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। पांच लाख डस्टबिन खरीदने के लिए सरकार के पोर्टल पर आवेदन कर दिया गया है। जैसे ही डस्टबिन मिल जाएंगे। उनका वितरण किया जाएगा।

मनोज कुमार चौहान, नगर आयुक्त