- बेसिक शिक्षा विभाग करेगा हाउस होल्ड सर्वे

- पिछले सर्वे का कुछ नहीं हुआ, नए सर्वे होगा शुरू

मेरठ। प्राथमिक स्कूलों में दूरी बना रहे बच्चों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग एक बार फिर से चिंतित है। इसका कारण पता लगाने के लिए विभाग ने हाउस होल्ड सर्वे करने की तैयारी शुरू कर दी है। सर्वे का मुख्य उद्देश्य है उन बच्चों का पता लगाना जो प्राथमिक स्कूलों से परहेज कर रहे हैं। पढ़ाई छोड़कर घर पर बैठे हैं। विभाग ने इस सर्वे में 1 से 14 साल के बच्चों का रखा है। लेकिन यह सर्वे केवल फाइलों तक ही सीमित होकर रह जाता है।

कराया जाएगा एडमिशन

विभाग की इस पहल के अंतर्गत शिक्षक घर-घर जाकर ऐसे घरों का पता लगाते हैं जहां कोई बच्चा स्कूल नहीं जाता। ऐसे घरों पर टीम को लाल रंग से एचएचएस प्लस लिखना होता है। इसके साथ एक से अधिक बच्चों की संख्या होने पर बच्चों की संख्या भी लिखनी होती है। इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट कमेटी को सूचित किया जाता है कि वह चिन्हित घरों में जाएं और बच्चों को एडमिशन कराए।

अभिभावकों की ली जाती है राय

हाउस होल्ड सर्वे के दौरान टीम के सदस्य अभिभावकों से उनके व्यू भी जानते हैं। वो पता लगाते हैं कि अभिभावक क्यों अपने बच्चों को प्राथमिक स्कूलों में भेजना पसंद नहीं करते। इस दौरान एक कार्ड पर अभिभावकों की टिप्पणी भी ली जाती है।

स्पेशल वूमेन सेल का गठन

विभाग ने सर्वे के लिए एक स्पेशल वूमेन सेल का गठन किया है। इस सेल की इंचार्ज एक महिला अफसर होगी, जिसके अंडर में दो अध्यापिकाओं को शामिल किया गया है।

दो साल से नहीं हुआ कोई एडमिशन

पिछले दो साल के हाउस होल्ड सर्वे की बात करें तो उसमें से एक भी एडमिशन नहीं हुआ है जो बच्चे अशिक्षित पाए गए थे। केवल शासन के निर्देश और फाइल तैयार करने के लिए विभाग द्वारा यह सर्वे कराया जाता है।

स्कूलों की संख्या- 1334

बच्चों की संख्या- 1 लाख 81 हजार

कुल ब्लॉक- 12

2015-16 में बच्चों की संख्या - 12748

2016-17 में बच्चों की संख्या - 12638

हाउस होल्ड सर्वे हर बार की तरह इस बार भी कराया जाएगा। सर्वे के बाद कोशिश रहती है कि अशिक्षित बच्चों को स्कूल में एडमिशन दिलाकर शिक्षित किया जा सके। किसी के साथ जबरदस्ती नहीं की जा सकती है। जो परिजन शिक्षा का महत्व समझ जाते हैं वह एडमिशन करा देते हैं।

मोहम्मद इकबाल, बीएसए