- सप्ताह में दो दिन करेंगे वार्डो का दौरा

आगरा। शहर की जनता की समस्या वार्ड-वार्ड सुनने मेयर 21 मार्च से निकलेंगे। इस दौरान साफ सफाई, सीवर लाइन, स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण समेत जनता की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही समाधान निकालेंगे। ये जानकारी महापौर नवीन जैन ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान दी।

मेयर जैन ने बताया कि 'आपके द्वार' कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रहे हैं। सप्ताह के दो दिन नगर निगम क्षेत्र के वाडरें का निरीक्षण करेंगे। इस बीच ही केंद्र और राज्य सरकार की नगर निगम-जल संस्थान की योजनाओं की समीक्षा करेंगे। जनता को योजनाओं के लाभ मिलने की जानकारी भी लेंगे। मेयर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, सीवर लाइन, स्ट्रीट लाइट और बेजा कब्जा समेत जनता की निगम से जुड़ी शिकायतें और समस्याएं सुनेंगे। उनका मौके पर ही समाधान हो, ऐसा प्रयास होगा। उन्होंने बताया कि शहर विकास और सौंदर्यीकरण पर 40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें शहर के प्रमुख मार्गो और एमजी रोड को खूबसूरत बनाने के लिए सौंदर्यीकरण किया जाएगा। ये काम बहुत जल्दी शुरू हो जाएंगे।

अपने घर का रैंप तोड़कर करेंगे शुरुआत

महापौर नवीन जैन ने आगरा शहर को सुंदर और स्मार्ट बनाने के लिए शहर की जनता से सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि अपने घरों के बाहर अतिक्रमण कर रखा है, वे स्वयं ही हटा लें, वरना उन्हें जुर्माना भरना पड़ सकता है। वे अपने घर का रैंप तोड़कर अभियान की शुरुआत करेंगे। इतना ही नहीं मनमर्जी तरीके से सड़क पर खुदाई कर विकास की चाल बिगाड़ने वाले टोरेंट विभाग को महापौर ने अपने निशाने पर लिया है। उन्होंने बताया कि अब नगर निगम की बिना अनुमति से टोरेंट विभाग किसी तरह की कोई छेड़छाड़ नहीं करेगा।