- जगदीशपुरा के सेक्टर-7 में बीती रात में लगी थी आग

- आसपास के मकानों में हुआ है भारी नुकसान

आगरा। थाना जगदीशपुरा के आवास विकास कॉलोनी में लगी आग से लोग अब भी दहशत में हैं। आग से न सिर्फ शटरिंग गोदाम खाक हो गया, बल्कि आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान हुआ है। लपटों पर काबू पाने को लोगों ने खुद भी प्रयास किया। दमकल ने मौके पर पहुंच हालात संभाले, लेकिन, आग से दीवारों में दरार पड़ गई।

अचानक से लगी थी आग

लोहामंडी निवासी विनय कुमार जैन का आवास विकास कॉलोनी में जैन बांस-बल्ली के नाम से शटरिंग का गोदाम है। बीती रात गोदाम में अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। गोदाम के बराबर से सोहन लाल का परिवार रहता है। घर में उनकी पत्नी लीलावती, बेटी लता, नीतू व इनके तीन बच्चे थे। आग से मकान में ऊपर बने दो कमरों के दरवाजे जल गए। परिवार मकान से बाहर निकल गया।

बाहर निकल गया किराएदार परिवार

गोदाम के बराबर से राजवीर सिंह सेंगर का मकान है। इनके यहां पर एक किराएदार रहता है। आग के दौरान परिवार दहशत में आ गया। परिवार मकान छोड़कर बाहर निकल गया। गोदाम के पीछे चंद्रपाल सिंह का परिवार रहता है। चंद्रपाल सर्राफ की दुकान में काम करते हैं। इनके मकान में उस दौरान बेटी हिना, रेनू, सोनम, सेंकी थे। आग के दौरान परिजनों ने घर से बाहर दौड़ लगा दी। इन सभी लोगों की पानी की टंकियां जल गई। लोगों ने मकान के पीछे के रास्तों से सामान बाहर निकाल दिया। गोदाम के अंदर ड्रम रखा हुआ था। इसमें ऑयल था। आग से ड्रम फट गया। ड्रम फटने से दो धमाके हुए।

युवकों ने किया आग बुझाने का प्रयास

वहीं, पास में ही रिटायर्ड इंजीनियर रामलखन का मकान है। इनके मकान में उस दौरान श्यामा देवी, रुचि, अनुज अमित थे। अमित आईएएस की तैयारी कर रहा है। रात में वह जाग रहा था। आग देख कर उसने परिवार को उठाया और शोर मचाया। पानी डालने के लिए पाइप भी लगाया। गाडि़यों को मौके से हटा दिया गया। कई लोग डर कर कॉलोनी से बाहर चले गए। लोगों ने समर, बाल्टी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कॉलोनी के बॉबी, दीपक, सेंकी ने आग बुझाने का प्रयास किया।

लोगों में था आक्रोश

लोगों का कहना था कि आवासीय एरिया में इस तरह से गोदाम नहीं बनाया जा सकता। गोदाम यहां से बंद होना चाहिए। एक पीडि़त का कहना था कि जब उसने नुकसान की बात कही तो उसे धमकी दे दी। लोगों के मुताबिक मकानों की दीवार में दरारें पड़ गई हैं। लोगों ने बताया कि रात में यहां पर चौकीदार रहता है। वह चूल्हे में लकड़ी जला कर खाना बनाता है। माना जा रहा है कि चूल्हे की चिंगारी से गोदाम में आग लगी। आग के बाद चौकीदार भाग गया। रात से रविवार सुबह सात बजे तक आग की लपटें उठती रहीं थी। मौके पर दमकल विभाग की कई गाडि़यां पहुंच गई थीं।

रात भर जागे लोग

आग लगने से आसपास इतनी दहशत थी कि लोगों की नींद उड़ गई। उनको डर था कि कहीं आग उनके मकानों तक न पहुंच जाए। इस दहशत से लोगों ने रात भर जाग कर रात बिताई। सुबह आग बुझने पर लोगों ने राहत की सांस ली।