आगरा। तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल ने आग पर काबू पाकर राहत पहुंचाई। नजदीक सीएनजी पंप होने के चलते दहशत बनी रही। इनमें से एक ट्रक में सिलेंडर में आग लगने से हाईवे जाम हो गया।

आस्था सिटी के पास लगी आग

शनिवार दोपहर एक बजे आस्था सिटी के अंदर घास में आग लग गई। उसके ठीक पीछे सीएनजी पंप था। इसके चलते दहशत फैल गई। सुरक्षा की दृष्टि से पंप बंद करा दिया। लोगों ने खुद सबमर्सिबल चला कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लोगों को आशंका थी कहीं आग सीएनजी पंप तक न पहुंच जाए नहीं तो बड़ा हादसा हो जाएगा। थाना छत्ता फोर्स भी आग बुझाने का प्रयास करता रहा। मौके पर पहुंची दो दमकलों ने आग पर काबू पाया।

बसई सब्जी मंडी में दुकानें जलीं

सब्जी मंडी की तीन-चार दुकानों को आग ने चपेट में ले लिया। इस दौरान एक खोखा, एक आढ़त और एक अन्य अस्थाई दुकान चपेट में आ गई। लोगों की कोशिश बेकार रही। मौके पर दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाई। पुलिस के मुताबिक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहां से कुछ देर पहले एक बारात निकली थी। कुछ लोगों का कहना था कि बारात में आतिशबाजी चलने से निकली चिंगारी ने आग को भड़का दिया। आग में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।

हाईवे हो गया जाम

शुक्रवार देर रात पोइया थाना खंदौली की तरफ एक ट्रक में क्लीनर पांच किलो के सिलेंडर से खाना बना रहा था। अचानक सिलेंडर में आग लग गई। उसने सिलेंडर उठा कर सड़क पर फेंक दिया। इस दौरान दोनों तरफ से आने वाले वाहनों के पहिए थम गए। सड़क पर जाम लग गया। दमकल जब तक आई तब तक आग खुद ही बंद हो गई।