झंगहा की घटना

-लाइसेंसी असलहे से हुई फायरिंग

-बीआरडी ले जाते समय बबलू यादव की हुई मौत

-सूचना पर पहुंचे सीओ व थाने की पुलिस, लाइसेंसी असलहा बरामद

GORAKHPUR: झंगहा एरिया के अमडीहा भैरो पिपरा गांव में भूमि विवाद में शुक्रवार शाम कई राउंड फायरिंग हुई। लाइसेंसी असलहे से ताबड़तोड़ फायरिंग में 23 वर्षीय बबलू यादव की मौत हो गई। वहीं, चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर घायलों की हालत नाजुक बता रहे हैं। उधर, गोली चलने की सूचना पर चौरीचौरा सीओ राजेश भारती फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गोली चलाने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर लाइसेंसी असलहे को बरामद कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

खोराबार एरिया के जंगल सिकरी के पूर्व प्रधान हरि यादव के पट्टीदार साधु यादव ने करीब छह साल पहले अमडीहा भैरो पिपरा गांव में पांच बीघा जमीन खरीदी थी। शुक्रवार को इसी जमीन पर कब्जा करने के लिए साधु यादव दल बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। साधु का बेटा शिवेंद्र यादव (17), बबलू यादव, राजन सिंह (21), श्याम दुलारे यादव (18) सहित करीब 25-30 लोग लाठी डंडा लेकर पहुंचे थे। जमीन पर गांव के ही अशोक तिवारी का कब्जा है। वह जमीन को अपना बताते हैं। ट्रैक्टर ट्राली लेकर पहुंचे साधु यादव खेत जोतने लगे। इसकी जानकारी होते ही अशोक तिवारी, उनके बेटे अमन और अमित असलहा लेकर पहुंचे गए। अशोक के बेटे अमित को देखते ही उसे मारने के लिए दौड़ा दिया। बेटे को लोगों के बीच में घिरा देख अशोक और अमन ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली बबलू यादव, साधु यादव, राजन सिंह, शिवेंद्र यादव को लगी और वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। वहीं गोली की तड़तड़हत से भगदड़ मच गई।

इसी बीच घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स ने बबलू यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, साधु यादव, राजन सिंह, शिवेंद्र यादव, श्याम दुलारे यादव का उपचार चल रहा है। सभी को गोली लगी है। पुलिस ने अशोक, अमित और अमन को हिरासत में लेकर उनके पास से लाइसेंसी रिवाल्वर, राइफल को कब्जे में ले लिया है। देर शाम तक तहरीर नहीं दी गई थी।

वर्जन

तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके पास से लाइसेंसी रिवाल्वर, राइफल बरामद हो गया है। मामले की जांच की जा रही है।

राजेश भारती, सीओ चौरीचौरा