- दैनिक जागरण- आई नेक्स्ट के ट्री ब्रेक कैंपेन में शामिल हुई मेयर, सहायक नगर आयुक्त ने भी लगाए पौधे

GORAKHPUR: आराध्या, आयुष और आयुषी को लक्ष्मीबाई पार्क में जगह मिल गई। इन तीनों पौधों को शनिवार को दैनिक जागरण- आई नेक्स्ट के ट्री ब्रेक कैंपेन के तहत लगाया गया। मेयर डॉ। सत्या पांडेय ने आराध्या, सहायक नगर आयुक्त संजय शुक्ला ने आयुष और पार्षद जुबैर अहमद, मुख्य लेखा परीक्षक इसरार अंबिया अंसारी ने आयुषी के रूप में पौधों का नामकरण करते हुए इन्हें नगर निगम के पार्क में जगह दी। इसके साथ ही इन लोगों ने पौधों की रक्षा की भी शपथ ली। अन्य को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित किया।

शहर को बनाएंगे हरा-भरा

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की मुहिम से जुड़ते हुए पौधरोपण के बाद मेयर डॉ। सत्या पांडेय ने कर्मचारियों और पब्लिक से आवाह्न किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाकर शहर को हरा-भरा बनाएं। उन्होंने कहा कि पब्लिक के सहयोग और नगर निगम के प्रयास से शहर को हरा-भरा किया जा सकता है। मेयर ने गुलमोहर का पेड़ लगाया और आराध्या नाम दिया। इस दौरान मेयर ने कहा कि जल्द ही नगर निगम शहर में वृक्षारोपण का अभियान चलाएगा। नगर निगम का स्लोगन ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी है। इस स्लोगन को साकार करने के लिए पब्लिक को भी आगे आकर जीवन पर भर इस पेड़ की रक्षा की संकल्प लेने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का कार्य करें।

हरियाली से हरा-भरा होगा जीवन

नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त संजय शुक्ला ने कहा कि मोहल्लों में हरियाली कम होने से लोग काफी परेशान हो रहे हैं इसलिए सबको पौधे लगाने चाहिए। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के ट्री ब्रेक कैंपेन की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान में यदि 100 पेड़ भी खड़े हो गए तो यह बड़ी उपलब्धि होगी। शहर में डेली 10 लोगों को ऑक्सीजन, हजार वर्ग मीटर को छाया और लगभग 10 साल में एक लाख लीटर पानी बचाने का कार्य ये पेड़ करेंगे। हर व्यक्ति कम से कम पांच पौधे लगाएं और उसे बचाए भी।