Meerut दहेज में 25 लाख कैश की डिमांड न पूरी होने पर एक इंजीनियर फेरे लेने के बाद दुल्हन को होटल में ही छोड़कर फरार हो गया। दहेज लोभी इंजीनियर व उसके परिवार के खिलाफ थाना सिविल लाइन में दहेज मांगने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है.

 

25 लाख की नकदी मांगी

थाना सिविल लाइन निवासी प्रतिष्ठित कारोबारी की बेटी का रिश्ता बनारस के रहने वाले प्रतीत दर्शन के साथ तय हुआ था। प्रतीत राजस्थान के कोटा में अडानी पॉवर प्लांट पर इंजीनियर है। गत 11 नवंबर को परतापुर स्थित एक होटल में सगाई की रस्म हुई। परतापुर स्थित एक होटल में धूमधाम के साथ शादी संपन्न हुई। शादी में 35 लाख रुपये खर्च किया गया था।

 

25 लाख की मांग

आरोप है कि शादी संपन्न होने के बाद दूल्हा अगले दिन 25 लाख रुपये नकद की मांग करने लगा। दुल्हन के परिजनों ने इतनी बड़ी रकम एक साथ देने से इंकार कर दी। दहेज में 25 लाख रुपये न मिलने पर दूल्हा अपने परिवार समेत दुल्हन के गहने आदि लेकर फरार हो गया। दुल्हन तैयार होकर दूल्हे का इंतजार ही करती रही। दुल्हन के परिजनों ने सिविल लाइन थाने में दूल्हे प्रतीत दर्शन व रचना दर्शन, उसकी बहन ऋचा दर्शन उसके पति दीन राज दर्शन के खिलाफ दहेज मांगने का मामला दर्ज कराया।

 

साथ जाने से इनकार

युवती के परिजनों का कहना है कि अब हम दहेज लोभी के साथ अपनी बेटी को नहीं भेजेंगे। युवती भी दहेज लोभी के साथ जाने से इनकार कर रही है। अब आरोपी को सजा कराकर ही दम लेंगे।

 

इंजीनियर प्रतीत व उसके परिजनों खिलाफ दहेज मांगने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।

-मान सिंह चौहान, एसपी सिटी

Crime News inextlive from Crime News Desk