-पिंक बसों से सफर करने पर महिलाओं के लिए कई सौगातें

- लंबी दूरी की बसों में सफर करने पर मिलेगा मिनी मील

ispecial

sanjeev.pandey@inext.co.in

LUCKNOW: परिवहन निगम की पिंक बसों में महिलाओं को सफर के दौरान मिनी मील के साथ ही अब किराए में भी छूट मिलेगी। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित बसों में उनकी सेफ्टी का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। बता दें कि परिवहन निगम ने पिंक बसों के संचालन को लेकर पब्लिक के सुझावों को मान लिया है।

100 किमी या अधिक के सफर पर मिनी मील

निर्भया फंड से प्रदेश में 50 पिंक बसों का संचालन किया जाना हैं। इन बसों के संचालन से परिवहन निगम महिलाओं को जहां सुरक्षित सफर की सौगात देगा वहीं कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा। 100 किमी या उससे अधिक के सफर पर इन बसों में सफर करने वाली महिलाओं पैक्ड फूड दिया जाएगा। अब तक यह सुविधा परिवहन निगम की किसी बस में उपलब्ध नहीं है।

मनचाही लोकेशन पर मिलेगी बस

एक ही जगह से पांच महिला यात्रियों के एक साथ मिलने पर बस उनकी मनचाही लोकेशन से पिक करेगी। बस शर्त यह है कि स्थान बस के रूट पर होना चाहिए। इसके अलावा परिवहन निगम ने कई ऐसे हॉस्टल और ऑफिसेज का चयन किया है जहां से अधिकांश महिलाएं शुक्रवार की रात अपने घरों के लिए रवाना होती हैं। इनमें से कुछ जगहों पर परिवहन निगम बोर्डिग प्वॉइंट देगा। यहां से महिला यात्री बसें पकड़ सकेंगी। यही नहीं इन बसों में महिलाओं के साथ उनके रिश्तेदारों को भी चलने की छूट दी गई है। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को अपना आधार कार्ड दिखाना होगा।

ऑनलाइन टिकट पर छूट

पिंक बसों के प्रचार-प्रसार के लिए डिपार्टमेंट यात्रियों की लिस्ट तैयार करेगा। इसमें उन सभी महिला यात्रियों की डिटेल होगी जो पहले इसमें सफर कर चुकी है। इनमें से यदि कोई महिला इन बसों के बारे में नए यात्रियों को बताती है तो अगली बार उसे इन बसों के किराए में एक प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जाएगा। साथ ही जो महिलाएं बसों के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराएंगी, उन्हें किराए में पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

कोट

पिंक बसों में महिला पैसेंजर्स के लिए सुझाव मांगे गए थे। इनमें से कई सुझाव अच्छे हैं। इन बसों के संचालन के साथ ही इसका लाभ महिला यात्रियों को मिलेगा।

विनीत सेठ, जीएम, एमआईएस, परिवहन निगम