- सिटी के एक नर्सिग होम में चल रहा था उपचार

GORAKHPUR: जंगल धूसड़ में डकैतों के हमले में घायल बुजुर्ग महिला की रविवार को मौत हो गई। शहर के एक नर्सिग होम में उनका उपचार चल रहा था। बुजुर्ग की मौत की सूचना घरवालों ने पिपराइच पुलिस को दे दी है। पुलिस का कहना है कि सिद्धार्थनगर जिले की पुलिस ने डकैती का खुलासा किया था। पकड़े गए आरोपी बदमाश जेल में हैं।

छह जनवरी को हुई थी घटना

जंगल धूसड़, मंझरिया टोला निवासी विजय निषाद डेयरी चलाते हैं। छह जनवरी की रात उनके घर में डकैतों ने धावा बोला। बरामदे में सो रही उनकी बुजुर्ग मां जीता देवी के सिर में डंडे से हमला करके घायल कर दिया। विजय, उनकी बेटी वंदना, उनके दो भांजों और कर्मचारियों को घायल करके लूटपाट की। हमले में घायल सभी लोगों को मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया। वहां हालत गंभीर बताकर डॉक्टर्स ने बुजुर्ग महिला को लखनऊ ले जाने की सलाह दी। अन्य घायलों को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल गई। परिजनों ने बुजुर्ग महिला को विजय चौराहा स्थित एक नर्सिग होम में एडमिट कराया। वहां उपचार के दौरान रविवार को महिला की मौत हो गई।

बुजुर्ग महिला की मौत होने की सूचना मिली है। मुकदमे की विवेचना में डकैती के दौरान गंभीर चोट पहुंचाकर जान लेने की धारा बढ़ा दी जाएगी। वारदात में शामिल डकैत पकड़े जा चुके हैं।

अजय कुमार ओझा, एसओ पिपराइच