- 55.88 हेक्टेयर जमीन के लिए 179 करोड़ रुपये की शासन से डिमांड

आगरा। इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर शुरू की कसरत बजट के अभाव से अधर में है। इस प्रोजेक्ट के लिए जिला प्रशासन ने 179 करोड़ की डिमांड शासन से की है, लेकिन अभी तक एक फूटी कौड़ी नहीं मिल सकी है। जिसके चलते प्रोजेक्ट के लिए अब तक एक हेक्टेयर जमीन भी नहीं खरीदी जा सकी है।

मुख्य सचिव के आने के बाद आई थी तेजी

गत दिनों मुख्य सचिव दीपक सिंघल आगरा आए थे। शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा की थी। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी उन्होंने अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन लिए जाने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए थे। इसके लिए धन आवंटित कराए जाने के लिए उन्होंने आश्वासन दिया था। जिला प्रशासन ने जमीन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए 55.88 हेक्टेयर जमीन लेने के लिए शासन से 179 करोड़ की डिमांड की थी। डिमांड जिला प्रशासन ने करीब एक महीने पहले भेज दी है। बावजूद इसके अभी तक बजट रिलीज नहीं किया गया है।

सिविल एन्क्लेव का भी काम अधूरा

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तो दूर की बात है, अब तक सिविल एन्क्लेव के लिए पूरी जमीन बजट के अभाव में नहीं ली जा सकी है। सिविल एन्क्लेव के लिए कुल एक अरब 53 करोड़ की शासन से जिला प्रशासन ने मांग की थी। सिविल एन्क्लेव के लिए बजट रिलीज हुआ, इसके बाद किसानों से बैनामे कराए गए। अभी 64 करोड़ 94 लाख की और जरूरत है। यह राशि न मिलने के कारण सिविल एन्क्लेव का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।