--विक्टिम ने बताया हीरे जड़े 5 लाख के थे कंगन

--सुखदेवनगर के बानो मंजिल लेन की घटना

रांची : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पहाड़ी मंदिर के समीप बानो मंजिल लेन स्थित नसरूद्दीन लेन निवासी गजाला परवीन के घर में शुक्रवार की दोपहर जेवर चमकाने के बहाने पहुंचे दो युवकों ने पांच लाख रुपये का कंगन उड़ा लिए। कंगन हीरा जडि़त था। जब गजाला परवीन के बेटों को मामले की जानकारी हुई तो वे काफी खोजबीन किए, लेकिन दोनों ठग भाग चुके थे। इसके बाद वह बेटों के साथ सुखदेवनगर थाने पहुंचीं और दो अज्ञात ठगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। सुखदेवनगर पुलिस ठगों की तलाश में जुटी हुई है।

अपनी बातों से फंसाया

घटना शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे की है। महिला गजाला परवीन ने पुलिस को बताया कि दो व्यक्ति सोना चमकाने के बहाने घर पहुंचे। दोनों ने उन्हें एक पाउडर दिखाते हुए कहा कि उक्त पाउडर से पुराने पीतल के बर्तन, सोने, चांदी को चमकाया जाता है। ठगों ने महिला के हाथ में हीरा जडि़त सोने के कंगन देखे। उनलोगों ने महिला को अपनी बातों में फंसा लिया और पाउडर दिया।

गरम पानी मांगा और

इसके बाद हल्दी में मिलाकर कुकर में पानी के साथ खौलाने को कहा। महिला ने हल्दी, पाउडर और कंगन को पानी में डाल दिया। कुछ देर के बाद महिला ने कुकर के भीतर हाथ डालकर देखा तो कंगन नहीं मिला। इसके बाद महिला दरवाजे पर पहुंची तो देखी कि दोनों ठग भाग चुके थे। इसके बाद महिला ने मामले की जानकारी अपने बेटों को दी। ठगों के बारे में महिला ने बताया कि एक पतला दुबला और दूसरा मोटा था। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।