i alert

- जिले में गहनों की सफाई के बहाने गहने उड़ा लेने वाला गिरोह एक्टिव

- अभी तक किसी भी मेंबर को नहीं पकड़ पाई पुलिस, बढ़ रहे हैं मामले

arun.kumar@inext.co.in

GORAKHPUR: यदि आपके घर पहुंचकर कोई गहने साफ करने का दावा करे तो समझिए कि वह आपको ठगी का शिकार बनाने वाला है। जीहां, जिले में गहने चमकाने के बहाने लोगों के गहने लेकर फरार होने वाला गैंग एक्टिव है। बाइक सवार गैंग के सदस्य किसी के घर पहुंचकर तामझाम फैलाते हैं। पुराने गहनों की साफ-सफाई के बहाने कीमती ज्वेलरी लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं। लोगों को जब तक खुद के ठगे जाने का अहसास होता है तब तक काफी देर हो चुकी होती है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी कुछ नहीं कर पाती। दो साल के भीतर दर्जनभर से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी तो दूर उनकी पहचान तक पुलिस नहीं कर पाई है।

लेते हैं झांसे में

जिले में अभी तक जितनी भी घटनाएं हुई है, उनमें बाइक सवार दो युवकों की भूमिका सामने आई है। बाइक सवार हेलमेट लगाए युवक शहर, कस्बों और गांवों में दिनभर घूमते रहते हैं। दोपहर बाद वह ऐसे घरों में दस्तक देते हैं जहां सिर्फ महिलाएं मौजूद होती हैं। बर्तन साफ करने का पाउडर बेचने की बात कहकर युवक तामझाम फैला देते हैं। घर में पड़े पुराने बर्तन को मांगकर पाउडर से साफ करके दिखाते हैं। करीब 10 से 15 मिनट तक ऐसी हरकतें करते हैं जिससे महिलाओं का भरोसा उन पर जम जाए। इस दौरान आसपास की महिलाएं भी जुट जाती हैं।

पहले ट्रायल कर दिखाते हैं

गिरोह के मेंबर्स बर्तन चमकाने के बाद महिलाओं से ज्वेलरी चमकाने की बात शुरू कर देते हैं। भरोसा जताने के लिए युवक पहले किसी महिला से जेवर मांगकर ट्रायल कर दिखाते हैं। पुरानों गहनों की चमक देखकर महिलाएं भी भ्रमित हो जाती हैं। इसका फायदा उठाते हुए जालसाज पूरे घर का गहना मंगा लेते हैं। ज्यादा मात्रा में गहने पर होने पर जालसाज एक लीटर गर्म पानी की जरूरत बताते हैं। महिलाओं से किसी दूसरे बर्तन में पानी लाने को कहकर इंतजार करने लगते हैं। इस दौरान महिलाओं की व्यस्तता का फायदा उठाकर गहने बदल देते हैं।

आधे घंटे बाद निकालने को कहते

महिलाओं के पानी लाने पर उसमें हल्दी डालकर आधे घंटे के बाद गहने निकालने को कहते हैं। इस दौरान वह महिलाओं को पाउडर देकर फरार हो जाते हैं। उनके जाने पर जब बर्तन खोला जाता है तब पता चलता है कि उसमें जो गहने हैं, वह उनके नहीं हैं। ठगी का अहसास होने के बाद महिलाएं रोने लग जाती हैं। पुरुषों को जब तक पता चलता है और वे ठगों को ढूंढने निकलते हैं या पुलिस को सूचना देते हैं तब तक ठग भाग चुके होते हैं।

बॉक्स

जानिए और बचिए

- किसी तरह के लालच में न पडि़ए।

- गहने चमकाने की बात करने वालों से सावधान हो जाएं।

- झाड़फूंक से परेशानियां दूर करने वालों से दूर रहें।

- गहनों की पूजा-पाठ कर संकट टालने वालों के चक्कर में न पड़ें।

- गहने उड़ाने वाले गैंग में महिलाएं भी होती हैं, इसलिए उनपर भरोसा न कर बैठें।

- संदिग्ध लोगों के बारे में पुलिस को जानकारी दें।

--------------

केस-1

26 मार्च 2017: खजनी एरिया के नंदापार गांव में गहने साफ करने के बहाने पहुंचे युवक 13 महिलाओं की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।

केस-2

23 मार्च 2017: सहजनवां एरिया के अमटौरा में गहने चमकाने के बहाने महिला से ठगी की गई।

केस-3

20 मार्च 2017: सहजनवां एरिया के केशवपुर, गाहासाड़ मोहल्ले में बर्तन चमकाने वाला पाउडर बेचने के बहाने युवकों ने महिलाओं को तीन लाख का चूना लगा दिया।

केस-4

04 मार्च 2017: गुलरिहा एरिया के रघुनाथपुर, मिरचाइन में जालसाजों ने महिला को झांसा देकर लाखों रुपए की ज्वेलरी उड़ा दी।

वर्जन