ALLAHABAD: कथक केन्द्र सर्कुलर रोड में शनिवार को कनाडा की कथक कलाकार अनीता पांडेय ने मनमोहक प्रस्तुति से समां बांध दिया। उन्होंने कथक की आकर्षक भाव भंगिमा के माध्यम से देश के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विष्णु वंदना व वंदे मातरम् की भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को भाव विभोर किया। कथक के शास्त्रीय पक्ष चुटकीली तिहायॉ को बिल्कुल नए अंदाज में प्रस्तुत किया। विजय चंद्रा ने सिंथेसाइजर पर राग पूरिया धनाश्री व राग भैरवी में धुन बजाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। कथक केन्द्र की निदेशक उर्मिला शर्मा ने अनीता पांडेय को बुके देकर सम्मानित किया।

नंद, यशोदा, कृष्ण आदि के वेश में बच्चों ने किया प्रभावित

शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम मची है। नवीन शिशु वाटिका अतरसूइया में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। वाटिका में छोटे-छोटे बच्चों ने राधा, कृष्ण, सुदामा, देवकी व नंद बाबा का आकर्षक रूप धरा था। इसे देखकर वहां उपस्थित हर शख्स मंत्रमुग्ध हो उठा। बच्चों ने आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति से समां बांध दिया।

मैया, यशोदा ये तेरा कन्हैया

माधव ज्ञान केन्द्र इंटर कॉलेज खरकौनी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। मुख्य अतिथि एसएसओ वेद प्रकाश मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। संस्कार, आर्यन, वैष्णवी व अनुप्रिया आदि छात्र-छात्राओं ने 'मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया' की प्रस्तुति से मन मोह लिया। प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया।