हादसे में घायल हुआ था साथी कांवरिया, मौत की फैली अफवाह

दर्जनो वाहनो में हुई तोड़फोड़, आगजनी, जमकर पथराव, कई घायल

पांच घंटे तक ठप रहा वाराणसी हाईवे पर आवागमन

ALLAHABAD: एक अफवाह के बाद इलाहाबाद-वाराणसी हाईवे पर गुरुवार की भोर में कांवरियों ने जमकर उत्पात मचाया। दर्जनो वाहनों में तोड़फोड़ की। कई को आग के हवाले कर दिया। रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें कई लोग चोटिल हो गए। इसके बाद उन्होंने हाईवे को पांच घंटे तक जाम लगाया। इससे सैकड़ो वाहन फंस गए। सूचना मिलने पर एडीजी से लेकर डीएम तक स्पॉट पर पहुंचे। उन्होंने कांवरियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

एक तरफ का मार्ग है आरक्षित

सावन में बड़ी संख्या में इलाहाबाद से कांवरिया संगम से जल लेकर बाबा विश्वनाथ को चढ़ाने वाराणसी जाते हैं। इसी के चलते पूरे एक माह तक हाइवे का एक साइड कांवरियों के लिए आरक्षित रखा जाता है। गुरुवार की भोर में कांवरियों का समूह वाराणसी के लिए निकला था। इसमें मिर्जापुर जिले के जिगना थाना एरिया में स्थित मिसिरपुर गांव निवासी मुकेश (21) भी था। सुबह करीब साढ़े छह बजे उनका जत्था हंडिया थाना क्षेत्र के बरौत इलाके में पहुंचा। कान में इयरफोन लगाकर मुकेश अपनी पटरी छोड़कर दूसरी तरफ चला गया। रोड पार करते समय बनारस की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे मुकेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। इस पर कांवरियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। खबर मिलते ही हंडिया पुलिस मौके पर पहुंची घायल को अस्पताल भेजवाया। संयोग से इसी बीच किसी ने मुकेश के मौत की अफवाह उड़ा दी और बताया कि पुलिस ने मुकेश की बॉडी को गायब कर दिया है।

पुलिस चौकी में उतारा गुस्सा

इसके बाद कांवरियों ने पुलिस पर धावा बोल दिया। बरौत पुलिस चौकी पहुंच गए और वहां मौजूद सभी वाहनों को पलट दिया। रास्ते में आने वाले पुलिसवालों पर पथराव किया गया। चौकी के बाहर खड़े वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। चौकी के भीतर सामान और कागजात तो फेंक दिया गया। उधर, कांवरियों का एक अन्य समूह हाई वे पर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर चुका था। इससे स्थिति नाजुक हो गई। सूचना मिलते ही एडीजी एसएन साबत, आइजी रमित शर्मा, डीएम संजय कुमार और एसएसपी आनंद कुलकर्णी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने कांवरियों को बताया कि उनके साथी की मौत नहीं हुई है। उसका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है। इसके बाद उनका गुस्सा शांत हुआ।

स्थिति पूरी तरह से काबू में है। कांवर यात्रा सामान्य हो चुकी है। कांवरियों का कन्फ्यूजन दूर कर दिया गया है कि उनके साथी का इलाज चल रहा है।

संजय कुमार

डीएम, इलाहाबाद