- गोसाईगंज में हत्या के बाद तालाब में फेंका वकील का शव

- गांव में तनाव, परिजनों ने किया प्रदर्शन

LUCKNOW :

पुलिस के लाख दावों के बाद भी राजधानी में अपराध का ग्राफ लगातार चढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह बदमाशों ने गोसाईगंज इलाके में घर से 4 सौ मीटर की दूरी पर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोसाईगंज थाने का घेराव कर दिया। मृतक के भाई ने गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।

मारीं तीन गोलियां

इंस्पेक्टर गोसाईंगंज के अनुसार अर्जुन सिंह के देहरामऊ निवासी बेटे श्रीकांत सिंह आज सुबह घर वॉक पर निकले थे। जिसके बाद घर से करीब चार सौ मीटर की दूरी पर बदमाशों ने उनको एक के बाद एक तीन गोलियां मारी। श्रीकांत को पीठ, गर्दन के साथ ही चेहरे पर गोलियां मारने के बात सामने आई है। इसके अलावा धारदार हथियार से भी उनके ऊपर हमला किया गया था।

नदी में पड़ा मिला वकील का शव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार सुबह गांव के बाहर तालाब में शव उतराता दिखाई दिया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। शव को बाहर निकलवाया गया तो शिनाख्त श्रीकांत के रूप में हुई। श्रीकांत के शरीर पर तीन गोलियों के निशान दिख रहे थे। एक निशान गर्दन पर जबकि एक आंख व उसके पास दिखाई दे रहा था।

बदमाशों ने की थी पूरी रेकी

प्रभारी गोसाईगंज ने बताया कि घटनास्थल व हालात देखकर लग रहा था कि हत्यारों ने हत्या का पूरा प्लान तैयार कर रखा था। पुलिस की मानें तो सुबह वॉक के लिए श्रीकांत कब निकलते थे और कब घर जाता था इसकी हत्यारों ने पूरी रेकी की थी। हत्यारे सुबह से ही घात लगाए बैठे थे और मौका पाकर हत्या को अंजाम दे दिया। इंस्पेक्टर गोसाईगंज ने बताया कि मृतक के भाई कपिल देव की तहरीर पर गांव के ही अजय सिंह, चन्द्रशेखर, श्रावण, विशाल और विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। मृतक के भाई कपिल देव ने बताया कि आरोपितों से जमीन के साथ ही बिजली का खंभा लगाने को लेकर हम लोगों का विवाद चल रहा था। दूसरी ओर पुलिस कपिल देव की ओर से दी गई जानकारी के अलावा पुलिस अन्य बिन्दुओं पर भी छानबीन कर रही है।