आईआईआईटी में विरासत 2017 का भव्य आयोजन

ALLAHABAD: प्रसिद्ध मोहन वीणा वादक पद्मभूषण पं। विश्वमोहन भट्ट एवं पद्मश्री अनन्दा शंकर जयंत की प्रस्तुति और पंडित रितेश मिश्र व पं। रजनीश मिश्र के शाश्त्रीय गायन ने श्रोताओ को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन स्पिक मैके और ट्रिपलआईटी हैरिटेज क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ट्रिपलआईटी के प्रेक्षाग्रह में सोमवार शाम को हुआ।

कमिश्नर बोले मैने उठाये जूते चप्पल

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त आशीष गोयल ने अपने सम्बोधन में बताया कि आईआईटी दिल्ली में छात्र जीवन के दौरान स्पिक मैके के स्वयं सेवक के रूप में उन्हें जुड़ने का मौका मिला। उस समय उन्हें लोगों के जूते चप्पल सही क्रम में रखने का काम मिला था। उन्होंने कहा कि आने वाले त्रिवेणी महोत्सव एवं अर्धकुम्भ के दौरान स्पिक मैके के अंन्तर्गत विश्व स्तरीय कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। संस्थान निदेशक प्रो। पी। नागभूषण ने स्वागत किया। न्यायमूर्ति गिरिधर मालवीय ने भी विचार व्यक्त किये।

राजन- साजन के पुत्रों ने दी प्रस्तुति

शुरुआत विश्व प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत गायक पं। राजन और पं। साजन के पुत्र पं। रितेश मिश्र और पं। रजनीश मिश्र के गायन से हुई। उन्होंने राइज नामक एल्बम में तीसरा ट्रैक महादेव गाया। जिसे प्रतिष्ठित ग्रैमी अवार्ड्स के लिए भी नामित किया गया है। ग्रैमी पुरस्कार विजेता तथा मोहन वीणा के लिये चर्चित पं। विश्वमोहन भट्ट ने अपने वीणा वादन से लोगो को खूब लुभाया। प्रसिद्ध कुचिपुड़ी नृत्यांगना आनन्दा शंकर जयंत ने कृष्णम वंदे जगदगुरुम, बुद्धम शरण गच्छामि और त्यागराज रामायण के विविध पहलुओ को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया।

एमएनएनआईटी में स्वागत की तैयारी

उधर, मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में नव प्रवेशी छात्र छात्राओं के स्वागत समारोह 2017 की तैयारी जोर शोर से शुरु कर दी गयी हैं। संस्थान के निदेशक प्रो। राजीव त्रिपाठी ने बताया कि 26 अगस्त को स्वागत का आयोजन किया जायेगा। बताया कि इसमें प्रतिभाशाली भावी टेक्नोक्रेट्स नाट्यमंच, संगीत, भाषण तथा विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुती देंगे।