- नगर निगम में जल्द मिलेगी सुविधा

- दिव्यांग और असहाय को मिलेगी राहत

आगरा। नगर निगम की वर्षो पुरानी परेशानी बहुत जल्द दूर होगी। नगर निगम में दूसरी और तीसरी मंजिल तक जाने के लिए लिफ्ट लगने जा रही है। इसपर काम शुरू हो गया है। इससे सबसे ज्यादा राहत दिव्यांग, बुजुर्ग और असहाय लोगों को मिलेगी।

नगर निगम में हर दिन असहाय लोग अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों तक पहुंचते हैं। उन्हें सीढि़यों से आना-जाना होता है, जो किसी चुनौती से कम नहीं होता। ऐसे में लिफ्ट लगाई जा रही है। एक निजीकंपनी को काम सौंपा जा चुका है। इसकी लागत 10 लाख रुपए आएगी। नगर निगम अधिकारी का कहना है कि जल्दी ही लिफ्ट तैयार हो जाएगी। इससे दिव्यांग, बुजुर्ग और असहाय लोगों को सीढि़यों से आने-जाने में परेशानी उठानी नहीं पड़ेगी।

पहले से जगह है चयनित

निगम कार्यालय के प्रवेश द्वार के पास ही लिफ्ट लगाने के लिए पहले से ही जगह चिह्नित है। ये उपनगर आयुक्त कक्ष के बिल्कुल बगल में है। टेंडर प्रक्रिया में ही लेटलतीफी थी। लेकिन अब सारी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। नगर निगम की दूसरी मंजिल में आयुक्त से लेकर सभी अधिकारियों के कक्ष हैं। वहीं तीसरी मंजिल में सदन का कक्ष सहित अन्य जरूरी विभाग हैं। अब इन मंजिलों तक जाने के लिए लिफ्ट की सुविधा जल्द मिल सकेगी।