- किदवई नगर मार्बल मार्केट में हुआ हादसा, दुकान मालिक फरार

-परिजनों ने मुआवजा की मांग को लेकर हंगामा किया, पुलिस ने संभाली स्थिति

KANPUR : जूही में शुक्रवार को लोडर चालक की ग्रेनाइट पत्थर के बीच में दबने से मौत हो गई। वो मार्बल मार्केट से लोडर में पत्थर लोड करने गए थे। वो पत्थर लोड करवा रहे थे। इसी दौरान उसके बीच की लकड़ी टूट गई और चालक पत्थर में दब गया। उसकी मौत का पता चलते ही परिजन इलाकाई लोगों समेत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मुआवजा की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर जाकर उनको शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम भेजा।

लोड कर रहे थे पत्थर

नयापुरवा में रहने वाले राजकुमार मूलरूप से सुल्तानपुर निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी सुनीता, बेटी और भाई धर्मपाल हैं। वो लोडर चालक थे। वो शुक्रवार को सत्तार अहमद की किंग मार्बल शॉप से लोडर पर ग्रेनाइट पत्थर लोड करने गए थे। वहां पर पत्थर लोड करने के दौरान बीच में लगे लकड़ी के हटने से वो दो पत्थरों के बीच दब गया। जिसे देख साथी कर्मचारियों ने किसी तरह पत्थरों को हटाकर उनको बाहर निकाला तो वो बेसुध हो चुका था। आनन फानन में कर्मचारी उसको नर्सिगहोम ले गए। जहां डॉक्टर्स ने उसको मृत घोषित कर दिया। जिससे उसके घर में कोहराम मच गया।

मुआवजे की मांग

पीडि़त परिवार मुआवजा की मांग के लिए सत्तार की शॉप पहुंचा तो वो शॉप बंद कर फरार हो गए। जिस पर भड़के परिजनों ने साथी कर्मचारियों के साथ हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस और दक्षिण व्यापार मंडल अध्यक्ष कमल उत्तम ने मौके पर जाकर परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम भेजा जा सका।