-डकैती कांड के मेन आरोपी फैजान को पुलिस ने जेल से लाकर कोर्ट में किया पेश

-एक अन्य आरोपी ने भी कोर्ट में दी सरेंडर की अर्जी, नहीं पहुंचा कोर्ट

VARANASI

चौक के ठठेरी बाजार में सर्राफा कारोबारी संजय अग्रवाल के प्रतिष्ठान में करोड़ों की हुई डकैती के मामले में मेन आरोपी फैजान को स्पेशल सीजेएम उमाकांत जिंदल की कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने इसे गुरुवार को पेश करने का आदेश दिया था लेकिन फैजान ने पुलिस को चकमा देते हुए बुधवार को ही इस अदालत में सरेंडर कर दिया। पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो मेन आरोपी को जेल से तलब करने की अदालत में अर्जी दी। चौक इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने डकैती कांड में शामिल होने का आरोप लगाते हुए इसकी न्यायिक रिमांड मंजूर करने के लिए अदालत से अपील की। अदालत ने पत्रावलियों के अवलोकन के बाद आरोपी की न्यायिक रिमांड मंजूर कर ली। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर चली गई।

बिछा रखा था जाल लेकिन

पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर करने वाले फैजान के बाद पुलिस ने अब दूसरे फरार आरोपी नाटे पप्पू पर निगाह लगा रखी है। हालांकि नाटे ने भी सरेंडर के लिए कोर्ट में अर्जी दी है। जिसके बाद पुलिस ने गुरुवार को कचहरी में जाल बिछा रखा था लेकिन आरोपी कोर्ट नहीं पहुंचा। इस वारदात में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार और आधा किलो से अधिक सोना बरामद किया जा चुका है।