महाशक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में त्रिदिवसीय मेले का शुभारंभ

ALLAHABAD: महाशक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में शुक्रवार को त्रिदिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ। प्रात:काल शुरू हुई मंगला आरती में भक्तों की काफी भीड़ रही। इस दौरान भक्तों ने मां कल्याणी देवी का दर्शन व स्तुति कर आर्शीवाद लिया। सुबह से ही अलग अलग क्षेत्रों से गाजे-बाजे के साथ नाचते-गाते पहुंचे भक्तों ने निशान चढ़ाया।

जुटी काफी भीड़

पहले दिन मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची महिलाओं ने पति के स्वास्थ्य व लंबी उम्र की कामना की। साथ ही पुत्र प्राप्ति के लिए भी पूजा अर्चना की। भक्तों के जयकारे से मां का दरबार गूंजता रहा। टोलियों में पहुंची महिलाएं माता की महिमा से संबंधित भक्ति गीत गाती रहीं। उधर रात नौ बजे से शुरू हुए नाटक व जवाबी लोकगीत कल्याणी देवी चौराहे पर भोर तक चलता रहा। सड़क पर लगे झूले व चाट भी लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। खिलौनों आदि की दुकानों पर लोगों खरीदारी भी की।

500 वर्ष पुरानी है माता की प्रतिमा

मीडिया प्रभारी आनंद जी टंडन ने बताया कि 500 वर्ष पुरानी माता की भव्य प्रतिमा का श्रृंगार मिर्जापुर और बनारस के कारीगरों तथा स्वर्ण रजत आभूषणों को कलकत्ता से आए कारीगरों ने चमकाया। मेले के सकुशल संचालन में मंदिर समिति के अध्यक्ष पं। सुशील कुमार पाठक, व्यवस्थापक पं। श्याम जी पाठक, पं। अनिल कुमार पाठक, दिलीप पाठक, बब्लू सिंह, रोहित, मोहित आदि की अहम भूमिका रही।