- भोर से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा

- रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और महाश्रृंगार के लिए लगी रही लंबी लाइन

>BAREILLY हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकरों से गूंजते शिवालय, मंदिर में घंटो की धुन कुछ ऐसा ही नजारा था थर्सडे को शहर के नाथ मंदिरों में। महाशिवरात्रि के पर्व पर शिव मंदिरों से लेकर शहर की हर गली महाशिवरात्रि पर भक्तों के जयकारों से शिवमय हो उठा। शिव बारात और शोभायात्रा में अनुपम छटा बिखेरती झांकियां निकाली गई। भजन व संकीर्तन मंडली के भजनों से मंदिर शिवमय रंग बिखेर रहे थे। महाआरती के साथ घंटों की मधुरिम आवाज मानों कानों में रस घोल रही थी। महाशिवरात्रि पर शिवभक्त पट खुलने से पहले ही मंदिर पहुंच गए थे। रात डेढ़ बजे पट खुलने से शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

वनखंडी नाथ, पशुपतिनाथ, धोपेश्वरनाथ, तपेश्वरनाथ, मढ़ीनाथ, अलखनाथ, त्रिवटीनाथ जैसे प्रमुख शिव मंदिरों में शिवभक्त सुबह से ही भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचने लग गए थे। पूजा की थाली में जल, पुष्प, बेल पत्र, रोरी, रक्षा, बेर, दीपक और भांग सजाए हुए भक्त नंगे पांव ही घर से मंदिर की तरफ चल पड़े। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में भक्तों की लंबी लाइन लगी हुई थी। बच्चे, लेडीज और बुजुर्ग सभी भगवान शिव की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे। मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक किए।

शिव बारात पर की पुष्प वर्षा

शहर के प्रमुख समितियों द्वारा महाशिवरात्रि पर शिवबारात निकाली गयी। महाआरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति की शोभायात्रा सुबह करीब ग्यारह बजे सेठ गिरधारी लाल मंदिर से प्रारम्भ होकर वनखंडीनाथ मंदिर से होते हुए त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची। जहां महाआरती और भक्तों के बीच प्रसाद वितरण हुआ। श्री महाआरती महोत्सव आयोजन सेवा समिति ने शिव मंदिर में 501 थालियां से महाआरती की। श्री शिव शक्ति प्रदोष महामंडल प्रबंध समिति ने शिव बारात निकाली। शोभायात्रा में ठंडई और भांग में मदमस्त नाचते-गाते शिव बारातियों का भक्तों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

महंगी हो गई पूजा समिग्री

मंदिर के सामने पूजा सामाग्री की सजी दुकानों के भाव भी बढ़ गए थे। भक्तों की भीड़ को देखते हुए दुकानदारों ने पुष्प, भांग, दीपक, बेर और बेल पत्र के भाव बढ़ा दिए। तीन पत्तों वाले बेल पत्र दो से तीन रूपए तक में बिके। मंदिरों के बाहर लगे मेले में शिव भक्तों ने महादेव के दर्शन करने के बाद दुकानों पर चटखारे लगाए। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स शिव मंदिरों पर तैनात रही। पुलिस प्रशासन की ओर से महिला और पुरुष पुलिसकर्मी लगाए गए थे। वहीं मंदिर कमेटी ने भक्तों की सुविधा के लिए वॉलंटियर्स लगा रखे थे।

शाम को किया गया दीपदान

महाशिव रात्रि के पर्व पर धोपेश्वरनाथ और त्रिवटीनाथ मंदिर में दीपदान क्रार्यक्रम किया गया। विश्व जाग्रति मिशन की तरफ से शाम को साढ़े पांच बजे किए गए धोपेश्वरनाथ मंदिर में दीपदान में करीब सवा लाख दीप जलाए गए।