- कैंट एरिया के कुलपति आवास के पास की घटना

GORAKHPUR: कैंट एरिया के कचहरी बस स्टेशन रोड पर कुलपति आवास के पास मंगलवार को मामूली विवाद में एसी मैकेनिक ने छात्र दुर्गेश उर्फ शेरू यादव को गोली मार दी। दुर्गेश अपने दोस्त के साथ स्कार्पियो की एसी ठीक कराने गया था। एसी के बार-बार खराब होने की शिकायत विवाद शुरू हो गया और मैकेनिक ने गोली चला दी। छात्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मैकेनिक के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

इंटर का है छात्र

गगहा एरिया के भीटी के रहने वाले बलवंत यादव का पुत्र दुर्गेश बिछिया थाना क्षेत्र शाहपुर में किराए के मकान में रहता है। इसी साल वह इंटर पास किया है और अभी बीए में एडमिशन लेना है। बिछिया में ही रहने वाला उसका दोस्त धर्मवीर यादव व बशारतपुर शाहपुर के रहने वाले विशाल सिंह डीडीयूजीयू के छात्र हैं। विशाल सिंह इस साल छात्रसंघ का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। धर्मवीर यादव की स्कार्पियो से वे लोग छात्रों से जन संपर्क में जुटे थे कि स्कार्पियो की एसी पिछले दिनों खराब हो गई थी। पहले भी एसी खराब हुई थी तब वीसी आवास के पास एसी मैकेनिक मंगलम चौहान से इसे ठीक कराया था। कुछ दिन बाद फिर खराब हुई तो उसी से दिखाया। अब जब तीसरी बार खराब हुई तो शाम धर्मवीर यादव, विकास सिंह और दुर्गेश के साथ मंगलम की दुकान पर ठीक कराने पहुंचा। धर्मवीर ने उससे बार-बार ठीक करने के बाद भी एसी खराब होने की शिकायत की तो मैकेनिक उलझ गया। आरोप है कि इस बीच उसने पिस्टल निकाल ली और धर्मवीर व उनके दोस्तों को जान से मारने की धमकी देने लगा। थोड़ी दूर पर खड़े दुर्गेश ने मोबाइल से इसका वीडियो बनानी शुरू कर दी। मैकेनिक ने वीडियो बनाने से रोका और उसे तत्काल डिलीट करने को कहा। इससे इंकार करने पर उसने पिस्टल से दुर्गेश पर गोली चला दी। दाहिने पैर में तीन गोली लगने से वह घायल हो गया। दुर्गेश की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।

वर्जन

जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल छात्र को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मैकेनिक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।

- ओम हरि वाजपेयी, इंस्पेक्टर, कैंट