- हाई रिस्क प्रेगनेंसी पर कांफ्रेंस का आयोजन

- लखनऊ में बढ़ रही पेनलेस डिलीवरी की डिमांड

LUCKNOW:

मरीज और डॉक्टर्स दोनों सजग रहें तो प्रीमेच्योर डिलीवरी को टाला जा सकता है। इसके लिए अब बेहतर दवाएं उपलब्ध हैं। इससे मां और बच्चे दोनों के लिए होने वाले खतरे को कम किया जा सकता है। संडे को 'हाई रिस्क प्रेगनेंसी' विषय पर आयोजित कांफ्रेंस में डॉ। मिलिंद शाह ने यह जानकारी दी।

50 परसेंट है मृत्युदर : डॉ। मिलिंद शाह

डॉ। मिलिंद शाह ने बताया कि प्रीमेच्योर डिलीवरी बच्चे होने पर मां और बच्चे दोनों को ही खतरा होता है। वर्तमान में 25 से 30 परसेंट बच्चे प्रीमेच्योर पैदा हो रहे हैं। इनमें से 50 परसेंट से अधिक की मृत्युदर है। सुविधाओं के अभाव में हम उन्हें बचा नहीं पाते। लेकिन, अब ऐसी दवाएं उपलब्ध है कि प्रीमेच्योर डिलीवरी को टाला जा सकता है। समय से पहले लेबर पेन होने पर डॉक्टर को समय से बताएं और दवाओं के द्वारा इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। यह दवाएं महंगी हैं लेकिन बहुत फायदेमंद हैं।

प्रीकंसेप्शन काउंसलिंग जरूरी : डॉ। पंडित

कांफ्रेंस में डॉ। पंडित ने बताया कि प्रीकंसेप्शन काउंसलिंग जरूरी है। सभी कपल्स को यह समझना होगा। इससे हम एनीमिया, डायबिटीज, बीपी, थैलीसीमिया जैसी समस्याओं से बच सकते हैं। समय पर इनका पता चलने पर मां और बच्चे दोंनों को ही होने वाले खतरों से बचाया जा सकता है। इसके अलावा समय से अल्ट्रासाउंड कराना बेहद आवश्यक है। इससे बच्चे में होने वाली समस्याओं का पता चल सकता और खराबी होने पर उसे हटाया जा सकता है।

अब दर्द रहित डिलीवरी का समय -डॉ। राजुल त्यागी

जावित्री टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के डॉ। राजुल त्यागी ने बताया कि पूरा जोर अब सिजेरियन डिलीवरी को कम करने पर है। यदि समय से सभी जांचे कराई जाएं और आयरन फोलिक एसिड दवाएं ली जाएं तो नॉर्मल डिलीवरी आसान हो जाती है। डॉ। राजुल त्यागी ने बताया कि अब महिलाएं खुद पेनलेस डिलीवरी की डिमांड कर रही है। हर माह 6 से 8 महिलाएं ऐसी आती हैं जो पेनलेस डिलीवरी की मांग करती हैं। इसमें मरीज की रीढ़ की हड्डी में छोटा इंजेक्शन लगाया जाता है और एनेस्थेटिस्ट की देखरेख में पेनलेस डिलीवरी कराई जाती है। यह काफी सुरक्षित है। जो महिलाएं लेबर पेन के डर से सिजेरियन का आप्शन चुनती हैं उनके लिए यह कहीं बेहतर है। उन्होंने बताया कि मुंबई जैसे शहरों में 50 परसेंट डिलीवरी अब पेनलेस होती हैं। लगभग सभी सेलीब्रेटी पेनलेस डिलीवरी का ऑप्शन चुनती हैं।