- इलाहाबाद के जीरो रोड डिपो की बस में शोहदों ने की छेड़छाड़

- ड्राइवर सवारियों भरी बस मडि़यांव थाने में लेकर पहुंच गया

- कंडेक्टर की शिकायत पर दोनों शोहदे गिरफ्तार, केस दर्ज

LUCKNOW :

राजधानी में विदेशी महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना है चलती बस में हुई है। कनाडा की महिला से नशे में धुत दो शोहदों ने न केवल छेड़छाड़ की, बल्कि शराब के नशे में उसे खींचने का भी प्रयास किया। कंडेक्टर और ड्राइवर के विरोध करने पर दोनों शोहदों ने उन्हें धमकी दी। ड्राइवर और कंडक्टर ने हिम्मत दिखाई और रात के समय बस सीधे थाने लेकर खड़ी कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके विदेशी महिला से छेड़छाड़ करने का केस दर्ज कर लिया।

चारबाग से सवार हुए थे शोहदे

इलाहाबाद के जीरो रोड रोडवेज डिपो की बस नंबर यूपी-70- ईटी-9760 18 अगस्त शुक्रवार को चारबाग से दिल्ली जाने के लिए निकली थी। चारबाग से करीब 22 सवारियां भरने के बाद बस रात 10 बजे दिल्ली के लिए निकली थी। बस के कंडेक्टर फतेहपुर नरसिंहपुर धाता निवासी गया प्रसाद साहू और ड्राइवर मंशाराम पांडेय सवारी लेकर रवाना हुए। गया प्रसाद साहू ने बताया कि चारबाग से उन्होंने कनाडा मूल की एक विदेशी महिला को सवारी के रूप में बैठाया था। उसके पीछे दो युवक रामकुमार गौड़ उर्फ राहुल और सोने लाल भी सवारी बनकर बैठ गए। दोनों युवक नशे में धुत थे।

छेड़छाड़ करने लगे शोहदे

कंडेक्टर गया प्रसाद साहू ने बताया कि वह सवारियों का टिकट काट रहे थे। तभी दोनों युवक बस में ही सवार की बोतल खोलकर शराब पीने लगे। इस दौरान उन्होंने विदेशी महिला को अपने साथ बैठने और शराब पीने का दबाव बना रहे थे। कंडेक्टर ने उनका विरोध किया। दोनों शोहदों से जब टिकट के लिए कहा तो उन्होंने तीन टिकट मांगे। दो अपने लिए और तीसरा महिला के लिए। जबकि कंडेक्टर का कहना था कि विदेशी महिला ने पहले ही अपना टिकट बनवा लिया था। विदेशी महिला दोनों अपने पास बैठने और छेड़छाड़ करने लगे। महिला और कंडेक्टर ने विरोध किया तो दोनों शोहदों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। रात 11 बजे शोहदों की दहशत के चलते बस में मौजूद सवारियों की भी विरोध करने की हिम्मत नहीं हो सकी।

सवारियों से भरी बस थाने पहुंचाई

रात 11 बजे शोहदों की हरकत से परेशान कंडेक्टर और ड्राइवर ने हाईवे पर मदद के लिए सोचा लेकिन, उन्हें कोई पुलिस कर्मी नहीं दिखा। ड्राइवर ने हिम्मत दिखाई और हाईवे किनारे स्थित मडि़यांव थाने को देखते हुए बस थाने परिसर में लेकर पहुंच गया। थाने में बस देख मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। कंडक्टर और ड्राइवर ने शोहदों की हरकतों की जानकारी दी तो मडि़यांव पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कंडेक्टर गया प्रसाद साहू की तहरीर पर मडि़यांव पुलिस ने शोहदों राहुल और सोने लाल को विदेशी महिला से छेड़छाड़ करने और पब्लिक प्लेस में शराब पीने के मामले में केस दर्ज गिरफ्तार कर लिया।

चलती बस में दोनों युवक शराब के नशे में थे और विदेशी महिला से छेड़छाड़ कर रहे थे। रास्ते में कोई बड़ी घटना न हो जाए तो सवारी के साथ बस लेकर थाने पहुंच गए थे।

- गया प्रसाद साहू, कंडेक्टर इलाहाबाद रोडवेज डिपो