- एक महिला की मौके पर ही मौत

- दूसरी हालत गंभीर बनी हुई है

- पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दी दबिश

Meerut: लिसाड़ी गेट में अवैध संबंधों के चलते मकान मालिक ने किराए पर रह रहीं दो सगी बहनों का गला रेत दिया, जिसमें से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी फरार हो गया है।

साथ ही रहती थीं दोनों बहनें

श्यामनगर के तारापुरी में फुरखान अपनी पत्‍‌नी साजिया और दो बच्चों के साथ रहता था। साथ में साजिया की बहन बुशरा भी अपने पति अकबर के साथ रहती थी। ये सभी खैरनगर निवासी अल्ताफ के मकान में किराए पर रहते थे। फुरखान सब्जी का ठेला लगाने का काम करता था। उसकी मां ने बताया कि सजिया का अल्ताफ के साथ काफी समय से अवैध संबंध थे। जब भी फुरखान घर से बाहर जाता था अल्ताफ चला आता था। फुरखान को इस बात की खबर लग गई थी। इसको लेकर उसक साजिया के साथ विवाद भी था। वे जल्द ही मकान खाली करने वाले थे।

दोनों बहनों के मर्डर का प्लान

सुबह जब फुरखान सब्जी बेचने निकला तो पीछे से अल्ताफ आ गया। साजिया की सास ने बताया कि अल्ताफ का साजिया के साथ मकान छोड़ने को लेकर विवाद हो गया। उसने साजिया को कहा कि वह अपने पति को छोड़ उसके साथ निकाह कर ले, जिसका साजिया ने विरोध किया। इस पर दोनों में काफी कहासुनी हुई। गुस्से में आकर अल्ताफ ने छुरे से साजिया के गले पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने बुशरा के गले पर भी अल्ताफ ने वार कर दिया। घटना के बाद दोनों जमीन पर गिर गए। मौके से अल्ताफ भाग निकला।

परिजनों का हंगामा

घटना के बाद सास ने शोर मचा दिया। मौके पर पड़ोसी आ गए। कुछ समय बाद फुरखान भी आ गया। दोनों को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने साजिया को मृत घोषित कर दिया। जबकि बुशरा की हालत गंभीर बनी हुई है। साजिया की मौत की खबर सुनते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर थाना पुलिस और एसपी सिटी मौजूद थे। परिजनों की उनके साथ भी नोक-झोंक हुई। वे अल्ताफ की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजनों ने हंगामा शांत किया। पुलिस ने फुरखान की तहरीर पर अल्ताफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अल्ताफ के घर पर दबिश दी लेकिन वह फरार बताया जा रहा है।

आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वह फरार हो चुका है। उसके हर संभव ठिकाने पर दबिश दी जा रही है। मकान खाली करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था।

- रवेंद्र कुमार सिंह यादव, एसओ, लिसाड़ी गेट