पत्‍‌नी ने दी अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर

साथ सो रहे थे ससुर दामाद, डॉग स्क्वॉड ने बढ़ाया शक

ALLAHABAD: असलियत तो पुलिस की जांच में ही सामने आएगी लेकिन शक की सुई दामाद की तरफ ही है। मामला नारीबारी एरिया का है। यहां शुक्रवार की रात अधेड़ का बेरहमी से गला रेत दिया गया। जानकारी होने पर डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंची पुलिस को दामाद पर ही हत्या का शक है। एक्चुअली उसे देखते ही खोजी डॉग ने भौंकना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने ससुर-दामाद के बीच की दूरियां बताई तो शक और गहरा हो गया। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ दर्ज की है।

दामाद को ले गया था साथ

नारी बारी के अशोक सिंह चौहान की की तीन पुत्रियां सीता, रीता व गीता हैं। कुछ साल पहले ही सीता की शादी खीरी थाना क्षेत्र के देई बांध निवासी नारायण सिंह से हुई। शुक्रवार की रात अशोक सिंह दामाद नारायण के साथ टयूबवेल पर गए थे। दोनों वहीं सो गए थे। दामाद नारायण सिंह ने बताया कि वह एक ही चारपाई पर ससुर अशोक सिंह चौहान के साथ सोया था। सुबह उठकर वह शौच के लिए चला गया। इस बीच दो अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से मारकर अशोक को लहूलुहान कर दिया। चीख पुकार सुनकर जब तक वह वापस पहुंचता हमलावर फरार हो गए थे। अशोक को तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंचे एसपी व सीओ

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग जुट गए। मौत की पुष्टि हो जाने के बाद पुलिस भी स्पॉट पर पहुंच गई तो पता चला कि गला रेत दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। पुलिस की पूछताछ में नारायण सिंह ने बताया कि घटना के बाद उसने तत्काल साली रीता को फोन पर जानकारी दी और ससुर को लेकर हास्पिटल गया। डाक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित करने पर वह शव लेकर गांव आ गया। घटना की जानकारी होती ही क्षेत्राधिकारी विजय शंकर तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक यमुनापार अशोक कुमार राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के दामाद एवं दोनों पुत्रियों का अलग अलग बयान दर्ज किया। सूत्रों की मानें तो जांच में ससुर-दामाद के बीच विवाद की बात सामने आई है। इसी वजह से नारायण की पत्‍‌नी सीता कई माह से पिता के पास रह रही थी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई गई है इसलिए सीधे कुछ कहना ठीक नहीं होगा। जांच के बाद जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।