तेजी से होगा श्रीराम संग्रहालय और श्रीराम सर्किट का काम

ALLAHABAD: प्रदेश सरकार के लिए अयोध्या का विकास अहम है। सरयू मैया की निर्मलता, भगवान श्रीराम का संग्रहालय और श्रीराम सर्किट निर्माण प्रदेश सरकार तेजी से कराने जा रही है। यह बात उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को सर्कि ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण विवाद सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है लेकिन अयोध्या का विकास का मामला कहीं का मुद्दा नही है।

शुरू हो चुका है काम

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव के साथ विकास का काम शुरू हो चुका है। अगर कोई इसका विरोध कर रहा है तो हमे उसकी कोई परवाह नही है। कहा कि अयोध्या में हुए दीपोत्सव कार्यक्रम में सभी धर्मो के कलाकारों ने प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन किया। यह सामाजिक सौहार्द का प्रतीक भी है। इससे लोगों को सीख लेनी चाहिए।

जीत के लिए बूथों की मजबूती जरूरी

उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक करके नगर निगम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही कहा कि बूथ की मजबूती का विशेष ध्यान देना होगा। अगर बूथ मजबूत होगा तो अपने आप जीत हो जाएगी। कोई भी तैयारी हवा-हवाई नहीं, जमीनीस्तर पर होनी चाहिए। हर कार्य व अभियान के परिणामों की व्यापक समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां हमारे लिए अहम है। हमें दोनों सरकारों की जनहित की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। महानगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।