फूलपुर लोकसभा चुनाव की आचार संहिता की वजह से 14 को नहीं आएंगे पूर्व सीएम अखिलेश यादव

ALLAHABAD: फूलपुर लोकसभा के उपचुनाव को लेकर लागू आचार संहिता ने विद्यार्थी परिषद का काम आसान कर दिया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र संघ उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का विरोध हो रहा था। इसे लेकर एबीवीपी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। उधर, समाजवादी छात्र सभा व समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी अखिलेश यादव के आगमन की तैयारी में लगे थे। इस बीच फूलपुर लोकसभा के उपचुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो गई। इसने विद्यार्थी परिषद का काम आसान कर दिया और तैयारी में जुटे सपाईयों के उत्साह पर पानी फिर गया। आचार संहिता को देखते हुए 14 फरवरी को पूर्व सीएम के इलाहाबाद आगमन का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

'विरोध से डरते नहीं हैं सपाई'

रविवार को इलाहाबाद पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री बलराम सिंह यादव ने बताया कि फूलपुर लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के कारण सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आगमन का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन के विरोध या प्रदर्शन से सपा कार्यकर्ता नहीं डरते। लेकिन भारतीय संविधान का पूरा सम्मान करते हैं। आचार संहिता के मद्देनजर पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम स्थगित किया जा रहा है। इस बीच सपा नेता व नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज, एमएलसी वासुदेव यादव, रामवृक्ष यादव व जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव आदि मौजूद रहे।

चुनाव आचार संहिता की वजह से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का इलाहाबाद का कार्यक्रम रद्द किया गया है। छात्र संघ उद्घाटन समारोह निरस्त नहीं किया गया है, क्योंकि यह राजनैतिक नहीं बल्कि छात्रों का कार्यक्रम है। छात्र संघ उद्घाटन समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा।

चंद्रशेखर चौधरी

उपाध्यक्ष, छात्र संघ इलाहाबाद यूनिवर्सिटी